गिरिराज सिंह ने शेयर किया ''आई लव मोहम्मद'' का पोस्टर, वायरल पोस्ट से मचा हड़कंप
punjabkesari.in Sunday, Sep 28, 2025 - 06:18 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और अन्य राज्यों में 'आई लव मोहम्मद' पोस्टरों को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। मुस्लिम समुदाय से जुड़े लोगों ने ये पोस्टर मस्जिदों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए, जबकि हिंदू समाज ने इसके जवाब में 'आई लव महादेव' के पोस्टर लगाने शुरू कर दिए। यूपी, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में इस विवाद के मामले सामने आए हैं।
यूपी पुलिस ने कई जिलों में 'आई लव मोहम्मद' पोस्टर लगाकर जुलूस निकालने वालों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ कार्रवाई जारी है।
केंद्रीय मंत्री का पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार दोपहर अपने एक्स अकाउंट पर 'आई लव मोहम्मद' पोस्टर शेयर किया। इस पोस्ट को देखकर लोग हैरान रह गए और कई लोगों को लगा कि उनका अकाउंट हैक हो गया है। हालांकि, गिरिराज सिंह ने कैप्शन में लिखा, "जय सनातन, जय महादेव।"
जय सनातन,जय महादेव pic.twitter.com/bsvNs4kVsj
— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) September 28, 2025
कुछ ही समय में यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और शाम 5 बजे तक इसे लगभग पांच लाख लोगों ने देखा। गिरिराज सिंह पहले भी 'आई लव मोहम्मद' पोस्टरों का विरोध कर चुके हैं, इसलिए उनके अकाउंट से यह पोस्टर निकलना लोगों के लिए चौंकाने वाला रहा।
राजनीतिक आरोप और प्रतिक्रिया
हाल ही में गिरिराज सिंह ने इन पोस्टरों के जरिए राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया कि 'आई लव मोहम्मद' पोस्टरों के माध्यम से कांग्रेस और आरजेडी देश में गृह युद्ध करवाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भड़काऊ टिप्पणियों के कारण लेह में हिंसा भड़क गई। गिरिराज सिंह ने यह भी दावा किया कि इन पोस्टरों के पीछे राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का हाथ है।