सरकारी कबाड़ का कमाल: सरकार ने स्क्रैप बेचकर जुटाए चंद्रयान-3 मिशन से भी ज्यादा पैसे
punjabkesari.in Sunday, Nov 09, 2025 - 03:41 PM (IST)
नेशनल डेस्क: भारत सरकार ने सिर्फ एक महीने के भीतर कबाड़ बेचकर बंपर कमाई की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार ने अक्टूबर महीने में बड़े पैमाने पर चलाए गए सफाई अभियान के दौरान 800 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। यह रकम भारत के चंद्रयान-3 मिशन की लागत (615 करोड़ रुपये) से भी ज्यादा है।
2021 से अब तक 4,100 करोड़ की कमाई
न्यूज़18 की रिपोर्ट के अनुसार, 2021 में वार्षिक स्वच्छता अभियान शुरू होने के बाद से अब तक सरकार कबाड़ बेचकर करीब 4,100 करोड़ रुपये कमा चुकी है। इस साल 2 से 31 अक्टूबर तक चले अभियान में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें 232 लाख वर्ग फुट ऑफिस स्पेस खाली कराया गया और 29 लाख कागजी फाइलें हटाई गईं। यह अब तक का सबसे बड़ा अभियान रहा, जिसमें करीब 11.58 लाख सरकारी कार्यालयों ने भाग लिया।
84 मंत्रालयों और विभागों ने मिलकर चलाया अभियान
यह सफाई अभियान प्रशासनिक सुधार और जन शिकायत विभाग (DARPG) की देखरेख में चलाया गया। इसमें विदेशों में मौजूद भारतीय दूतावासों सहित 84 मंत्रालयों और विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया। तीन केंद्रीय मंत्री — मनसुख मंडाविया, के. राम मोहन नायडू और डॉ. जितेंद्र सिंह — ने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।
पांच बड़े अभियान से बदली सरकारी व्यवस्था
2021 से 2025 के बीच केंद्र सरकार ने अब तक पांच बड़े सफाई अभियान चलाए हैं। इन अभियानों के तहत 23.62 लाख कार्यालयों को शामिल किया गया, 928.84 लाख वर्ग फुट जगह खाली कराई गई, 166.95 लाख फाइलें छांटी या बंद की गईं और 4,097.24 करोड़ रुपये की कमाई की गई। इन प्रयासों से सरकारी कार्यालयों में सफाई व्यवस्था एक स्थायी प्रणाली के रूप में स्थापित हुई और लंबित मामलों के निपटारे में भी तेजी आई।
प्रधानमंत्री मोदी की पहल से मिली रफ्तार
इस साल विभिन्न मंत्रालयों के कैबिनेट और राज्य मंत्रियों ने लगातार अभियान की समीक्षा की, कर्मचारियों से बातचीत की और शिकायतों को कम करने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मंत्रालयों से अभियान को और प्रभावी बनाने की अपील की थी। नतीजतन, सरकार का यह “कबाड़ से खजाना अभियान” न केवल स्वच्छता को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि देश की आर्थिक सेहत को भी मजबूत बना रहा है।
