भारत में घट गई LPG की खपत, अब PNG की ओर बढ़ रहे लोग, इस रिपोर्ट में हुआ खुलासा

punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 07:05 PM (IST)

नई दिल्ली : भारत में रसोई गैस यानी LPG की खपत में इस वित्त वर्ष के शुरुआती पांच महीनों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। अप्रैल से अगस्त 2026 के बीच देश में LPG की खपत करीब 16 फीसदी घटकर 11.3 मिलियन टन रह गई। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में LPG की खपत 13.4 मिलियन टन थी।

तेल मंत्रालय के पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल (PPAC) के आंकड़ों के मुताबिक, LPG की खपत में यह कमी ऐसे समय आई है, जब पश्चिम एशिया में तनाव और युद्ध के चलते LPG की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसके साथ ही सरकार घरेलू उपभोक्ताओं को LPG से PNG यानी पाइप के जरिए मिलने वाली प्राकृतिक गैस की ओर ले जाने पर भी जोर दे रही है।

LPG की जगह PNG को बढ़ावा देने की तैयारी

पेट्रोलियम मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से अपने-अपने जिलों में LPG उपभोक्ताओं को PNG की ओर शिफ्ट करने में सहयोग करने को कहा है। इसके लिए अधिकारियों को गैस और तेल कंपनियों के साथ मिलकर काम करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि PNG खाना पकाने के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक ईंधन है। PNG का इस्तेमाल बढ़ने से LPG सिलेंडरों की डिलीवरी और उनके परिवहन पर दबाव भी कम किया जा सकता है।

अगस्त में भी LPG की खपत 16% घटी

अगस्त 2026 में भी LPG की खपत में करीब 16 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। अगस्त 2025 में जहां 2.9 मिलियन टन LPG की खपत हुई थी, वहीं अगस्त 2026 में यह घटकर 2.4 मिलियन टन रह गई। हालांकि LPG की मांग में कमी आई है, लेकिन पेट्रोल और डीजल की खपत बढ़ी है। अप्रैल से अगस्त के बीच पेट्रोल की खपत 6.4 फीसदी बढ़कर 18.9 मिलियन टन हो गई। इसी अवधि में डीजल की खपत 4.3 फीसदी बढ़कर 40.5 मिलियन टन रही।

अगस्त में पेट्रोल की खपत 7.9 फीसदी बढ़कर 3.8 मिलियन टन और डीजल की खपत 6.4 फीसदी बढ़कर करीब 7 मिलियन टन हो गई। जानकारों के मुताबिक, बारिश के पैटर्न में बदलाव के कारण कुछ इलाकों में किसानों को सिंचाई के लिए डीजल पंप का ज्यादा इस्तेमाल करना पड़ा।

अमेरिका से बढ़ी LPG की सप्लाई

भारत LPG के लिए खाड़ी देशों पर अपनी निर्भरता कम करने की कोशिश कर रहा है। 2026 के शुरुआती आठ महीनों में LPG आयात के स्रोतों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अगस्त में अमेरिका ने भारत को करीब 2.76 लाख टन LPG की सप्लाई की, जबकि UAE से लगभग 68 हजार टन LPG आयात की गई। होर्मुज स्ट्रेट में पैदा हुई परेशानियों के बाद अमेरिका भारत के लिए LPG का सबसे बड़ा सप्लायर बनकर उभरा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Paras Sanotra

Related News