भारत रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल के खिलाफ: विदेश मंत्रालय

punjabkesari.in Friday, Apr 13, 2018 - 04:56 AM (IST)

नई दिल्ली: डबल एजेंट सर्गेई स्क्रिपाल और उसकी पुत्री यूलिया पर रासायनिक हमले के बाद रूस और ब्रिटेन के मध्य चल रहे तनाव के बीच भारत ने आज कहा कि वह रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल के खिलाफ है और मुद्दे का समाधान रासायनिक हथियार संधि के प्रावधानों के अनुरूप किया जाना चाहिए।

ऐसी खबरें हैं कि ब्रिटेन मुद्दे को लंदन में अगले हफ्ते होने वाली राष्ट्रमंडल प्रमुखों की बैठक में उठाएगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार से जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच टेलीफोन पर हुई बातचीत के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में सूचना नहीं है कि दोनों नेताओं ने क्या बात की। 

हालांकि, उन्होंने कहा, ‘‘भारत कहीं भी, किसी के भी द्वारा, किसी भी स्थिति में रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल किए जाने के खिलाफ है। हम उम्मीद करते हैं कि मुद्दे का समाधान रासायनिक हथियार संधि के प्रावधानों के अनुरूप होगा।’’ सीरिया के दुमा शहर में कथित रासायनिक हमले की खबरों के बीच कुमार ने कहा कि इस तरह के हथियारों का कहीं भी इस्तेमाल रासायनिक हथियार संधि के खिलाफ है और ऐसा कृत्य करने वालों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।     


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News