बंगाल में ममता गरीबों की नहीं, अमीरों की मदद कर रहीं, मोदी पूरे देश में यही कर रहे: राहुल गांधी
punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 06:14 PM (IST)
नेशनल डेस्क : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक ही श्रेणी में रखते हुए दोनों पर सत्ता के लालच में गरीबों के बजाय अमीरों की मदद करने का आरोप लगाया।
गांधी ने हुगली जिले के श्रीरामपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी स्वयं को 'देशभक्त' कहते हैं, लेकिन वह देश को बेच रहे हैं। उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गरीबों के बजाय अमीरों की मदद कर रही हैं, वहीं मोदी पूरे देश में यही कर रहे हैं... दोनों को सत्ता चाहिए, लेकिन जनता के लिए काम नहीं करते।"
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया, "प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, लोगों में नफरत और डर फैलाते हैं।" गांधी ने दावा किया कि देश दो विचारधाराओं के बीच टकराव देख रहा है। उन्होंने कहा, "एक तरफ कांग्रेस की एकता और भाईचारे की विचारधारा है, तथा ओर भाजपा और आरएसएस की नफरत एवं हिंसा है।"
