कांग्रेस कार्यसमिति की अहम बैठक आज, पार्टी नेतृत्व पर होगी चर्चा

punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2020 - 05:44 AM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस पार्टी में नेतृत्व बदले जाने की चर्चाओं के बीच पार्टी की नीति बनाने की सबसे बड़ी संस्था कांग्रेस कार्य समिति(CWC) की सोमवार को एक अहम बैठक होने वाली है। बता दें कि कई कांग्रेसी नेताओं ने अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र लिखा था जिसमें नेतृत्व परिवर्तन की मांग की गई थी, हालांकि पार्टी ने इस तरह के किसी भी पत्र से इनकार किया है।

“बैठक में होगी राजनीतिक हालातों पर चर्चा”
पार्टी ने कहा है कि कार्य समिति की बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालातों पर चर्चा होगी। इसके बाद भी नेतृत्व परिवर्तन पर चर्चाओं का बाजार गर्म है। कांग्रेस के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल (KC Venugopal) ने कहा कि 24 अगस्त को CWC की बैठक सुबह 11 बजे बुलाई गई है जो वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए होगी। लेकिन इन सबके बीच कांग्रेस के अलग-अलग नेताओं के लगातार बयान भी आ रहे हैं। आइए जानते हैं कि किस नेता ने क्या बयान दिया है। कार्यसमिति की बैठक से पहले कांग्रेस के कुल 23 नेताओं और पूर्व मंत्रियों ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर पार्टी में संगठनात्मक ढांचे में बदलाव के लिए कहा है। 

महाराष्ट्र कांग्रेस सोनिया गांधी को पार्टी प्रमुख बनाए रखने के पक्ष में 
महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं ने रविवार को एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें कहा गया कि सोनिया गांधी को पार्टी अध्यक्ष के रूप में कार्य जारी रखना चाहिए। प्रस्ताव में कहा गया कि अगर वह ऐसा करने से इंकार करती हैं तो राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभाल लेना चाहिए। पार्टी के महासचिव मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुई बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में कहा गया,'' महाराष्ट्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने सर्वसम्मति से यहां यह संकल्प लिया कि सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कार्य जारी रखना चाहिए क्योंकि उनके नेतृत्व में ही हमारी पार्टी सत्ता में आई थी।'' इसके मुताबिक,'' उन्होंने पार्टी के पुनर्निर्माण के लिए कई बलिदान दिए हैं और अब भी पार्टी से संबंधित सभी निर्णयों में सक्रिय हैं।'' 

सोनिया गांधी नेतृत्व करती रहें - कमलनाथ
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने कहा है कि सोनिया गांधी को कांग्रेस का नेतृत्व करते रहना चाहिए। कमलनाथ ने ट्वीट के माध्यम से देर रात कहा है‘‘मुझे इंदिरा गांधी जी , संजय गांधी , राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ काम करने का सौभाग्य मिला है। मुझे लगभग 40 वर्षों तक, लंबे समय के रूप में संसद सदस्य के रूप में कांग्रेस पार्टी की सेवा करने का सौभाग्य मिला है।' कमलनाथ ने आगे लिखा है‘‘मैं कई वर्षों तक अ.भा.कांग्रेस पार्टी का महासचिव भी रहा। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि सोनिया गांधी के खिलाफ तमाम झूठी अफवाहों के बावजूद उन्होंने 2004 में कांग्रेस पार्टी की जीत का नेतृत्व किया और अटल बिहारी वाजपेयी को घर पर बैठाया। सोनिया गांधी के नेतृत्व पर कोई भी सुझाव या आक्षेप बेतुका है। मैं सोनिया गांधी से अपील करता हूं कि वे अध्यक्ष के रूप में कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान करें और कांग्रेस का नेतृत्व करती रहें।' 

छत्तीसगढ़ के सीएम ने राहुल गांधी को अध्यक्ष बनने के लिए कहा
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को राहुल गांधी को पत्र लिखा। उन्होंने राहुल से पार्टी के अध्यक्ष पद को संभालने की अपील की। बघेल ने मौजूदा समस्याओं पर बात करते हुए राहुल से कहा, 'आपसे विनम्र अनुरोध है कि असहमति के स्वरों के बीच अविचलित रहते हुए देश को नई दिशा दिखाएं तथा कांग्रेस का नेतृत्व पुनः संभालें।

पंजाब सीएम का गांधी परिवार को समर्थन  
पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व के लिए गांधी परिवार का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि जब तक सोनिया गांधी चाहे तब तक उन्हें ही कांग्रेस का अध्यक्ष रहना चाहिए। उनके बाद राहुल गांधी को पदभार संभाला चाहिए, क्योंकि वह पूरी तरह से इसके लिए सक्षम हैं। इसके अलावा उन्होंने पार्टी नेताओं द्वारा गांधी परिवार के नेतृत्व को दी जा रही चुनौती का भी विरोध किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News