Rain Alert: दिल्ली समेत इन 7 राज्यों में मौसम का रेड अलर्ट हुआ जारी, अगले 48 घंटे बेहद अहम
punjabkesari.in Sunday, Oct 05, 2025 - 09:30 AM (IST)

नेशनल डेस्क। अक्टूबर का महीना शुरू होने के बावजूद भारत के कई हिस्सों में मानसून का प्रभाव जारी है जिसके कारण मौसम में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि मानसून की विदाई भले ही अंतिम पड़ाव पर है लेकिन इसकी वजह से उत्तरी और पूर्वी भारत के कई राज्यों में झमाझम बारिश के साथ कड़ाके की सर्दी की शुरुआत होने की पूरी संभावना है।
उत्तर भारत में तेज होंगी बारिश की गतिविधियां
IMD के अनुसार अगले 24 घंटों के बाद उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। कई राज्यों में मूसलाधार बारिश के लिए अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के साथ तेज बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। राज्य में 8 अक्टूबर तक लगातार बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR में मौसम का यू-टर्न: येलो अलर्ट जारी
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को जल्द ही उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है लेकिन यह राहत अंधड़ और तेज बारिश के साथ आएगी। IMD ने 6 और 7 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें आंधी तूफान के साथ भारी बारिश की आशंका है। 5 अक्टूबर को भी शाम और रात को तेज बारिश का पूर्वानुमान है। बारिश की वजह से 8 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी जिससे दिल्ली में जल्द ही ठंड का अहसास होने लगेगा।
उत्तर प्रदेश और बंगाल में रेड अलर्ट
पूर्वी राज्यों और उत्तर प्रदेश के जिलों में सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा, जहाँ रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में लगातार बारिश से कई शहरों में तापमान 5 डिग्री तक गिर चुका है। 32 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश की संभावना है जिसके चलते गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, श्रावस्ती, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर सहित आस-पास के जिलों में भयंकर से भयंकर बारिश का अनुमान है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। एक निम्न दाब क्षेत्र के प्रभाव से उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, कूच बिहार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में सोमवार सुबह तक भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें: Zubeen Death Case: जुबीन गर्ग की मौत हादसा नहीं हत्या थी, साथी ने लगाया जहर देने का आरोप
अन्य राज्यों का हाल
मानसून की विदाई के बाद भी मौसम में परिवर्तन जारी है। रोहतक, सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर में तेज वर्षा हुई है। IMD ने रात के समय ठंडक बढ़ने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। चक्रवात 'शक्ति' के सोमवार सुबह गुजरात की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से 8 अक्टूबर को द्वारका, जामनगर, पोरबंदर, सूरत, नवसारी और वलसाड जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मछुआरों को अगले पांच दिनों तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।