Chhattisgarh Weather Alert: छत्तीसगढ़ में मानसूनी आफत, 6 जिलों में ऑरेंज और 15 में येलो अलर्ट जारी
punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 11:09 AM (IST)
रायपुर : छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के बीच मंगलवार को भी कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के छह जिलों के लिए ऑरेंज और 15 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि दो सितंबर से प्रदेश में बारिश की तीव्रता कम होने के आसार हैं। प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान सरगुजा और रायपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई।
बलरामपुर के चांदो में सर्वाधिक 290 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा एमसीबी के कोटाडोल में 168 मिमी, शंकरगढ़ में 120 मिमी और रायपुर शहर में 131 मिमी बारिश हुई। लगातार बारिश का असर आवागमन पर भी पड़ा है। एमसीबी के कोटाडोल में खिरकी नाला की पुलिया टूट गई है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने से कोटाडोल को मध्यप्रदेश से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।
राज्य में मानसून सीजन की बारिश अब सामान्य आंकड़े के करीब पहुंच गई है। एक जून से 31 अगस्त तक प्रदेश में 917.1 मिमी (36.1 इंच) बारिश दर्ज की गई है जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 933.2 मिमी (36.7 इंच) होनी थी। इस प्रकार अब तक सामान्य से 16.1 मिमी (0.6 इंच) कम बारिश हुई है। यह सामान्य से दो प्रतिशत कम है। पूरे मानसून सीजन जून से सितंबर तक छत्तीसगढ़ में औसतन 1132.3 मिमी (44.6 इंच) बारिश होती है।
यह भी पढ़ें: 1 September Rule Changes: सितंबर की शुरुआत के साथ ही लगा महंगाई का डबल झटका, बदल गए ये 7 बड़े नियम
इस औसत तक पहुंचने के लिए सितंबर के दौरान प्रदेश को अब 215.3 मिमी (8.5 इंच) बारिश की जरूरत है। राजधानी रायपुर में एक सितंबर को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इस बीच मौसम विभाग ने सितंबर में देशभर में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान जताया है। विभाग के मुताबिक सितंबर में बारिश दीर्घकालिक औसत (एलपीए) की 91 प्रतिशत से कम रह सकती है। सितंबर में देश की सामान्य बारिश 167.9 मिमी है। आईएमडी के अनुसार सितंबर में दिन का औसत तापमान भी सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में सुहावना हुआ मौसम: कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना, छाए रहेंगे बादल
अगस्त 2026 में देश का औसत तापमान 28.01 डिग्री सेल्सियस रहा जो 1901 के बाद सबसे ज्यादा है। अगस्त का सामान्य औसत तापमान 27.34 डिग्री सेल्सियस है। इसी महीने रात का औसत तापमान भी 24.36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 1901 के बाद सबसे ज्यादा है।
