IMD Rain Alert: 9 राज्यों में तूफानी हवाओं और बारिश की चेतावनी, तीन Western Disturbances एक्टिव

punjabkesari.in Tuesday, Jan 20, 2026 - 10:34 AM (IST)

नेशनल डेस्क: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में आज सुबह घने कोहरे और धुएं की चादर (स्मॉग) छाई रही। हालात इतने गंभीर हैं कि हवा की गुणवत्ता का स्तर (AQI) एक बार फिर 400 के पार पहुँच गया है, जो सेहत के लिए बेहद खतरनाक है। मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत में इस समय तीन Western Disturbances एक्टिव हैं, जिसके चलते देश के करीब 9 राज्यों में तेज़ हवाओं, बारिश और कहीं-कहीं बर्फबारी की संभावना जताई गई है। दिल्ली-NCR समेत कई इलाकों में ठंड बढ़ने और घने कोहरे के असर के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी है।

प्रदूषण और स्मॉग का ताज़ा हाल

दिल्ली के कई इलाकों में सांस लेना दूभर हो गया है। आज सुबह के आंकड़े डराने वाले हैं:

  • अशोक विहार: 448 AQI

  • आनंद विहार: 445 AQI प्रदूषण के साथ-साथ कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं।

इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, इस समय देश में तीन पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) सक्रिय हैं। इसका असर उत्तर भारत के मौसम पर साफ दिखेगा:

  • पहाड़ी राज्य: 22 और 23 जनवरी को कश्मीर में, जबकि 23 जनवरी को हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

  • मैदानी इलाके: 23 से 25 जनवरी के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस बारिश के बाद 'गलन' वाली ठंड और बढ़ने के आसार हैं।

कोहरा और शीतलहर की चेतावनी

अगले 2 से 3 दिनों तक देश के कई हिस्सों में विजिबिलिटी बहुत कम रहने वाली है:

  • पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़: यहाँ 'बेहद घने कोहरे' का अलर्ट है। खास तौर पर 21 जनवरी को पंजाब में धुंध का गहरा असर दिखेगा।

  • यूपी और बिहार: उत्तर प्रदेश और बिहार में भी घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।

  • हिमाचल: पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ-साथ बर्फीली हवाएं (शीतलहर) चलने की संभावना है।

मानसून की विदाई

दक्षिण भारत से एक बड़ी खबर यह है कि दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीपीय भारत में 19 जनवरी से उत्तर-पूर्वी मानसून की बारिश का सिलसिला अब थम गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News