आसामान से बरस रहा है कहर, IMD ने नागरिकों को सलाह- 11 से 4 बजे तक घर से न निकलें घर से बाहर

punjabkesari.in Wednesday, Jun 11, 2025 - 11:42 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत के कई राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं। दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। मौसम विभाग ने लू (हीटवेव) को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 4-5 दिन तक गर्मी का यह दौर जारी रह सकता है।

दिल्ली-NCR: 45 डिग्री के पार पारा-  

राजधानी दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड, रिज और आयानगर जैसे इलाकों में पारा 45.5 डिग्री तक पहुंच गया। IMD के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि 12 जून तक गर्म हवाएं और हीटवेव बनी रहेगी। 13 जून से हल्की बारिश और तेज हवाएं कुछ राहत दे सकती हैं।

राजस्थान, गंगानगर सबसे गर्म- 

राजस्थान के गंगानगर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री दर्ज हुआ, जो इस सीजन का सबसे अधिक रहा। कोटा, चूरू, बीकानेर और अलवर जैसे शहरों में भी तापमान 44-46 डिग्री के बीच रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान में अगले सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा।

PunjabKesari

पंजाब-हरियाणा में भीषण गर्मी- 

बठिंडा पंजाब का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47.6 डिग्री पहुंच गया। हरियाणा के सिरसा, रोहतक और नारनौल में भी पारा 46 डिग्री पार रहा। चंडीगढ़ में भी तापमान 43.9 डिग्री दर्ज हुआ, जो अब तक का रिकॉर्ड है।

जम्मू-कश्मीर में भी प्रचंड गर्मी- 

जम्मू में तापमान 45 डिग्री पार पहुंच गया है। यहां के जंबू जू में जानवरों को राहत देने के लिए पानी के छिड़काव, तालाब और ठंडी जगहों की व्यवस्था की गई है। श्रीनगर में भी तापमान 34 डिग्री को छू रहा है। गर्मी से कश्मीर घाटी में कूलर और एसी की डिमांड बढ़ गई है।

PunjabKesari

13 से 15 जून के बीच मिलेगी राहत

IMD ने बताया कि 13 जून से मौसम में बदलाव आ सकता है। हल्की बारिश और गरज के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान “नो हीटवेव कंडीशन” की भविष्यवाणी की गई है।

हीटवेव से बचने के लिए क्या करें?

मौसम विभाग ने नागरिकों को 11 बजे से 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। अधिक पानी पिएं, हल्के और सूती कपड़े पहनें। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News