PM मोदी के जनसेवा में 25 साल पूरे; दुनियाभर से मिली बधाइयां, भूटानी PM ने बताया 'विष्णु का अवतार' और जापानी PM बोले...
punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 06:42 PM (IST)
Tokyo: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर जापान, भूटान, फिलिपीन, नेपाल, बेल्जियम, नाइजीरिया और बोत्सवाना समेत कई देशों के नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। विदेशी नेताओं ने मोदी के लंबे राजनीतिक सफर, भारत के विकास और वैश्विक मंच पर देश की भूमिका को लेकर उनके योगदान का उल्लेख किया। मोदी 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने लगातार तीन कार्यकाल तक मुख्यमंत्री के रूप में काम किया। इसके बाद मई 2014 में वह देश के प्रधानमंत्री बने और तब से केंद्र की राजनीति में लगातार नेतृत्व कर रहे हैं।

जापान की पीएम ने कहा...
जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने मोदी को शुभकामनाएं देते हुए उनके राजनीतिक नेतृत्व और भारत के विकास में योगदान की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि मोदी वर्ष 2001 से सरकार के प्रमुख के तौर पर राजनीतिक नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने भारत के विकास को गति देने के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की साख बढ़ाने में भी योगदान दिया है। तकाइची ने जुलाई में अपनी भारत यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें मोदी के साथ जापान-भारत विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को अगले स्तर तक ले जाने के लिए ठोस कदमों पर चर्चा करने का अवसर मिला। उन्होंने अगले वर्ष भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 साल पूरे होने का भी उल्लेख किया। जापानी प्रधानमंत्री ने मुक्त और स्वतंत्र हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लक्ष्य के लिए मोदी के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई।
I see PM Modi as avatar of Vishnu, says Bhutan PM Tshering Tobgay · Bhutanese Prime Minister Tshering Tobgay on Wednesday said that he regarded Prime Minister Narendra Modi as an elder brother and also considered him to be an avatar of Lord Vishnu 🔗: https://t.co/52sk1WUjxd
— IANS (@ians_india) October 7, 2026
भूटान के पीएम ने बताया ‘विष्णु का अवतार’
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे ने मोदी को बधाई देते हुए उन्हें ‘हमारे समय का विष्णु अवतार’ बताया। टोबगे ने 2019 में नई दिल्ली में एक आम नागरिक के तौर पर मोदी से हुई मुलाकात को याद किया। उन्होंने कहा कि उस समय उन्होंने मोदी से कहा था कि वह उन्हें बड़े भाई और ‘विष्णु के अवतार’ के रूप में देखते हैं।भूटानी प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी ने भारतीयों के मन में अपने और देश के प्रति मजबूत भरोसा पैदा किया है। उनके मुताबिक, भारत के प्रति लोगों में गर्व, देश की संभावनाओं को लेकर महत्वाकांक्षा और दुनिया में भारत की भूमिका को लेकर आत्मविश्वास बढ़ा है।
फिलिपीन के राष्ट्रपति ने सुशासन और तकनीक को सराहा
फिलिपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर, जिन्हें बोंगबोंग मार्कोस के नाम से जाना जाता है, ने भी मोदी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुजरात से दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व करने तक मोदी का सफर सुशासन, नवाचार, प्रौद्योगिकी और बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर देने वाला रहा है। मार्कोस ने कहा कि इन प्रयासों ने भारत में बदलाव लाने और वैश्विक मंच पर उसकी भूमिका बढ़ाने में योगदान दिया है।

नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह ने भी दी बधाई
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोशल मीडिया पर मोदी को बधाई देते हुए उनके समर्पित जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मोदी और उनकी सरकार के लिए आने वाले वर्षों में निरंतर सफलता और समृद्धि की कामना की। भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से राजनीतिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध रहे हैं। ऐसे में नेपाली प्रधानमंत्री का यह संदेश दोनों देशों के संबंधों के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण है।
नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने बताया दुर्लभ उपलब्धि
नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू ने कहा कि किसी लोकतंत्र में निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में लगातार 25 साल तक जनसेवा करना एक दुर्लभ उपलब्धि है।उन्होंने मोदी के नेतृत्व को दूरदर्शी सोच और विकास के प्रति प्रतिबद्धता से जोड़ा। टीनुबू ने भारत और नाइजीरिया को लोकतांत्रिक देशों तथा ‘ग्लोबल साउथ’ की प्रमुख आवाज बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देश ऐसी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध हैं जो अधिक निष्पक्ष, समावेशी और प्रतिनिधित्व वाली हो।
बेल्जियम और बोत्सवाना से भी बधाई
बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवेर ने मोदी को 25 साल की जनसेवा पूरी करने पर बधाई दी। उन्होंने भारत और बेल्जियम के बीच मजबूत साझेदारी को और गहरा करने की इच्छा जताई। बोत्सवाना के राष्ट्रपति डुमा गिदोन बोको ने भी मोदी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत के लोगों के प्रति मोदी के समर्पण और सेवा भाव की सराहना की तथा दोनों देशों की स्थायी मित्रता की कामना की। इस तरह मोदी के निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर 25 साल पूरे होने के मौके पर एशिया, यूरोप और अफ्रीका के कई देशों से आए शुभकामना संदेशों में भारत के विकास, लोकतांत्रिक नेतृत्व और वैश्विक भूमिका का उल्लेख प्रमुखता से किया गया।
