पत्नी के अवैध संबंधों से तंग था पति, जहरीला पदार्थ निगलकर दी जान

punjabkesari.in Saturday, May 24, 2025 - 11:48 AM (IST)

नेशनल डेस्क. पत्नी के अवैध संबंधों से आहत एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बुलंदशहर के सलेमपुर थाना क्षेत्र के खलीलपुर राठ गांव की है। मृतक की पहचान अमित के रूप में हुई है।

पूरा मामला

अमित के भाई नीरज ने पुलिस को बताया कि अमित की पत्नी सीमा के गांव के ही लोकेंद्र पुत्र ज्ञान प्रकाश के साथ अवैध संबंध थे। अमित ने इन संबंधों का पुरजोर विरोध किया, लेकिन सीमा और लोकेंद्र अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे।

रंगे हाथों पकड़ा

22 मई को लोकेंद्र ने सीमा को गांव के बाहर पोखर के पास मिलने बुलाया था। सीमा जैसे ही घर से निकली, अमित और उसके साथ रूप कुमार भी उसका पीछा करते हुए मौके पर पहुंच गए। वहां उन्होंने सीमा और लोकेंद्र को आपत्तिजनक स्थिति में पाया। अमित को देखते ही लोकेंद्र मौके से भाग गया।

पिता ने लिया बेटे का पक्ष

अमित और रूप कुमार इसके बाद लोकेंद्र के घर पहुंचे और उसके पिता ज्ञान प्रकाश से शिकायत की। आरोप है कि ज्ञान प्रकाश ने अपने बेटे को डांटने के बजाय लोकेंद्र का ही पक्ष लिया। पत्नी की बेवफाई और लोकेंद्र के पिता द्वारा की गई बेइज्जती से अमित बहुत तनाव में आ गया था।

आत्महत्या और FIR

दर्ज FIR में अमित के भाई ने आरोप लगाया है कि पत्नी, प्रेमी और प्रेमी के पिता द्वारा की गई बेइज्जती से तंग आकर अमित ने उसी रात करीब 9 बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस कार्रवाई

पुलिस ने इस मामले में लोकेंद्र और उसके पिता ज्ञान प्रकाश के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। सलेमपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है और मृतक की पत्नी, प्रेमी और प्रेमी के पिता पर भी FIR दर्ज की गई है। पुलिस तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News