''सिर काटा, शरीर से खाल उतारी'', खाना ना देने पर कर्नाटक में पति ने पत्नी का बेरहमी से किया कत्ल

punjabkesari.in Thursday, May 30, 2024 - 07:50 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कर्नाटक के तुमकुर में एक युवक ने खाना नहीं देने पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या कर उसका सिर काटा और उसकी खाल उतारी। पुलिस के मुताबिक, महिला का शव घर में खून से लथपथ पड़ा था। उसकी नसें और आंतें दिखाई दे रही थीं। उसके शव के बगल में उसका कटा हुआ सिर भी रखा था। पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार रात कुनिगल तालुक के हुलियुरदुर्गा कस्बे में हुई।

पुलिस के मुताबिक आरोपी शिवराम आरा मशीन में काम करता है। शिवराम ने अपनी पत्नी पुष्पलता (35) के साथ अक्सर झगड़ा करता था। सोमवार की रात को पुष्पलता द्वारा अपने पति को खाना न परोसने पर दंपति के बीच झगड़ा हो गया। शिवराम के रोजगार को लेकर झगड़ा बढ़ने लगा। गुस्से में आकर शिवराम ने पुष्पलता को चाकू घोंप दिया और फिर चाकू से उसका सिर काट दिया, जिससे उसके शरीर के कई हिस्से क्षत-विक्षत हो गए। वह मंगलवार की सुबह तक उसके शरीर की खाल उतारता रहा और अपने मकान मालिक को अपने अपराध के बारे में बताया। इस भयानक कृत्य के दौरान दंपति का आठ वर्षीय बेटा सो रहा था।

तुमकुर के पुलिस अधीक्षक अशोक वेंकट ने कहा, "घटनास्थल पर 35 वर्षीय महिला का शव मिला। उसका पति भी मौके पर था। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात कबूल कर ली।" पुलिस अधिकारी ने कहा, "हमने आरोपी को पकड़ लिया है। शिवराम और पुष्पा 10 साल से अंतरजातीय विवाह में बंधे थे। उनके बीच छोटी-मोटी लड़ाइयां होती थीं। कल रोजगार के मुद्दे पर उनका झगड़ा हुआ था। उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और अपने नियोक्ता को सूचित किया। उन्होंने तुरंत हमें सूचित किया। हमने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News