ये सुनसान-खामोश सड़कें...बताती है हमें आपकी चिंता है, कितने अच्छे से हुआ 2022 का स्वागत: मुंबई पुलिस

punjabkesari.in Saturday, Jan 01, 2022 - 03:48 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के कारण सार्वजनिक समारोहों पर रोक लगाए जाने के आदेश के मद्देनजर मुंबई में लगातार दूसरे वर्ष नए साल की पूर्व संध्या का जश्न फीका रहा। एक अधिकारी ने शनिवार को कहा कि मुंबई के लोगों के पसंदीदा स्थलों जैसे गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव, दादर, गिरगांव और जुहू में समुद्र तट लगभग सुनसान नजर आए, क्योंकि इन स्थानों और सड़कों पर तैनात पुलिस कर्मियों ने निषेधाज्ञा को सख्ती से लागू किया। पुलिस कर्मियों को शुक्रवार शाम पांच बजे की समय सीमा से पहले लोगों को इन स्थानों को खाली करने के लिए कहते देखा गया।

कितने अच्छे से 2022 का स्वागत हुआ- मुंबई पुलिस
मुंबई पुलिस ने शुक्रवार रात ट्वीट किया, ‘‘मुंबई यह आपकी प्रशंसा का पोस्ट है। ये सुनसान और खामोश सड़कें शहर और इसकी सुरक्षा के लिए आपकी चिंता के बारे में बताती हैं। कितने अच्छे से 2022 का स्वागत हुआ है।'' प्रतिबंधों के कारण लोगों ने फोन के जरिए ही परिवारों और दोस्तों को नए साल की शुभकामनाएं दीं। कुछ लोगों ने होटल एवं रेस्तरां में जाकर और मकानों की छतों पर दोस्तों, परिवारवालों के साथ जश्न मनाकर नए साल का स्वागत किया। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस द्वारा 134 स्थानों पर नाकाबंदी या वाहनों की जांच की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी सड़कों पर गश्त की।

16 लोगों पर जुर्माना
शुक्रवार की रात से शनिवार तड़के तक यातायात पुलिस कर्मियों ने शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की जांच के लिए वाहन चालकों के खून के नमूने लिए और मामले दर्ज किए। इसी तरह लापरवाही से गाड़ी चलाने के मामले भी दर्ज किए गए हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमों के उल्लंघन के लिए 1375 वाहन चालाकों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि 18 लोग शराब पीकर गाड़ी चलाते पाए गए। इसके अलावा 12 चालकों पर लापरवाही से वाहन चलाने के लिए जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के लिए 408 लोगों और तीन लोगों को बिठाकर मोटरसाइकिल चलाने के लिए 16 लोगों पर जुर्माना लगाया गया। छह व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 279 (लापरवाही से वाहन चलाने या सार्वजनिक मार्ग पर वाहन चलाने) के तहत मामला दर्ज किया गया।

रोशनी से जगमगाए कई स्थान
नए साल का स्वागत करने के लिए बांद्रा-वर्ली सी लिंक, बीएमसी (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) इमारत, सीएसएमटी स्टेशन जैसे कई अन्य स्थान रोशनी से जगमगा उठे। राज्य सचिवालय में रोशनी नहीं की गई। मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को एक आदेश जारी कर कोरोना वायरस की मौजूदा स्थिति और ओमीक्रोन स्वरूप के फैलने के मद्देनजर 15 जनवरी तक रोजाना शाम पांच बजे से सुबह पांच बजे के बीच समुद्र तटों, खुले मैदानों, उद्यानों या इसी तरह के अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जाने पर रोक लगा दी है। मुंबई में शुक्रवार को कोविड-19 के 5,631 मामले आए जो कि बृहस्पतिवार की तुलना में करीब 2,000 अधिक थे। 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News