दिल्ली: होटल के कमरे में बॉयफ्रेंड से झगड़े के बाद 20 साल की युवती ने खिड़की से लगाई छलांग, अस्पताल में मौत से लड़ रही जंग
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 06:55 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली के फर्श बाजार इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक होटल की तीसरी मंजिल से युवती के नीचे कूदने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। 'Hotel Santosh Residency' में हुई इस घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवती काफी देर तक खिड़की पर बैठकर नीचे झांकती दिख रही है और फिर अचानक छलांग लगा देती है। गंभीर रूप से घायल युवती को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह मौत से जंग लड़ रही है।
विवाद के बाद आवेश में उठाया कदम
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 20 वर्षीय युवती अपने 22 वर्षीय बॉयफ्रेंड के साथ होटल के कमरे में रुकी थी। कमरे के भीतर किसी व्यक्तिगत बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस और कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि युवती ने गुस्से और आवेश में आकर खिड़की की तरफ दौड़ लगाई और वहां से नीचे कूद गई। पुलिस फिलहाल इस बात की तफ्तीश कर रही है कि यह आत्महत्या का प्रयास था या किसी दबाव में उठाया गया कदम।
Trigger warning-Disturbing Visual
— Narendra Nath Mishra (@iamnarendranath) February 13, 2026
दिल्ली में एक होटल में अपने मित्र के साथ ठहरी एक लड़की ने चौथे मंजिल से कूदकर जान देने की कोशिश की। ग़लत गंभीर! pic.twitter.com/pHRtprbAVd
दिल्ली और यूपी से जुड़ा है मामला
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, घायल युवती दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके की रहने वाली है, जबकि उसके साथ मौजूद युवक उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का निवासी है। पुलिस को दोपहर करीब 1 बजे PCR कॉल के माध्यम से घटना की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अब दोनों के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और उनके संबंधों की पृष्ठभूमि खंगाल रही है ताकि झगड़े की असली वजह का पता लगाया जा सके।
चश्मदीदों ने जो देखा: वायरल वीडियो की हकीकत
घटना का जो वीडियो सामने आया है, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है। वीडियो में दिख रहा है कि युवती काफी समय तक खिड़की की मुंडेर पर बैठी रही। नीचे सड़क पर खड़े लोग उसे चिल्ला-चिल्लाकर पीछे हटने और अंदर जाने के लिए कह रहे थे, लेकिन भीड़ की गुहार का उस पर कोई असर नहीं हुआ और उसने नीचे छलांग लगा दी। वीडियो के अंत में स्थानीय लोग उसे सड़क से उठाकर अस्पताल ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिसिया जांच और कानूनी कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। होटल के स्टाफ और युवती के बॉयफ्रेंड से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या कमरे के अंदर मारपीट हुई थी या युवक ने उसे उकसाया था। फिलहाल युवती बयान देने की स्थिति में नहीं है, उसके होश में आने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।
