Repo Rate Reduction: RBI का बड़ा फैसला: Repo Rate में कटौती, Home Loan की EMI हुई सस्ती
punjabkesari.in Friday, Feb 07, 2025 - 10:36 AM (IST)
नेशनल डेस्क: इनकम टैक्स में कटौती के कुछ दिनों बाद ही मध्य वर्ग के लिए एक और खुशखबरी आई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की बैठक में रेपो रेट में 0.25% (25 बेसिस पॉइंट) की कटौती का ऐलान किया है। इससे होम लोन, ऑटो लोन और पर्सनल लोन की EMI में राहत मिलेगी।
अब कितना हुआ रेपो रेट?
इस कटौती के बाद रेपो रेट 6.50% से घटकर 6.25% हो गया है। यह मई 2020 के बाद पहली बार है जब RBI ने ब्याज दरों में कमी की है। मई 2020 से अप्रैल 2022 तक RBI ने रेपो रेट को 4% पर स्थिर रखा था, लेकिन अप्रैल 2022 से फरवरी 2023 तक इसे 6.50% तक बढ़ाया गया था। दो साल तक कोई बदलाव नहीं हुआ था, लेकिन अब इसे घटा दिया गया है।
EMI पर कितना असर पड़ेगा?
अगर आपके पास ₹50 लाख का होम लोन है, जिसकी ब्याज दर 8.5% है और टेन्योर 20 साल का है, तो नई दरें लागू होने पर EMI में ये बदलाव होगा:
- पुरानी EMI (8.5% ब्याज दर पर): ₹43,059
- नई EMI (8.25% ब्याज दर पर): ₹42,452
- हर महीने की बचत: ₹607
- सालभर की बचत: ₹7,284
लंबी अवधि में होगा बड़ा फायदा
यह राशि भले ही छोटी लगे, लेकिन 20-30 साल की अवधि में यह बचत लाखों रुपये तक पहुंच सकती है। साथ ही, आने वाली RBI MPC बैठकों में ब्याज दरों में और कटौती की संभावना बनी हुई है, जिससे लोन लेने वालों को और भी राहत मिल सकती है। अब उम्मीद की जा रही है कि बैंकों द्वारा भी जल्द ही ब्याज दरें घटाई जाएंगी, जिससे लोन लेना और सस्ता हो जाएगा।