Cold Wave Warning: देश में सर्दी नया रिकॉर्ड बनाने वाली, अगले 5 दिन बेहद भयंकर, IMD की इन राज्यों में के लिए चेतावनी जारी
punjabkesari.in Friday, Jan 16, 2026 - 12:22 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देश के कई हिस्सों में सर्दी ने अब अपना तीखा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। जनवरी की शुरुआत से ही तापमान में ठंडक बढ़ती जा रही है और लोगों को कड़ाके की ठिठुरन महसूस होने लगी है। पहले ही अनुमान लगाया जा रहा था कि इस बार ठंड सामान्य से ज्यादा पड़ेगी और अब हालात उसी ओर इशारा कर रहे हैं। मौसम के बदलते तेवरों के बीच यह आशंका जताई जा रही है कि इस बार सर्दी कई जगह पुराने रिकॉर्ड भी तोड़ सकती है।
अगले पांच दिनों तक शीतलहर का कहर
इन हालात को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले पांच दिनों के लिए कई राज्यों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से लेकर पूर्व और पूर्वोत्तर भारत तक ठंड का असर और तेज होने वाला है, जिससे लोगों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है।
राजस्थान और दिल्ली की बात करें तो यहां ठंड का असर साफ तौर पर दिखने लगा है। दोनों जगहों पर सर्दी लगातार बढ़ रही है और आने वाले दिनों में यह और ज्यादा तेज हो सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले पांच दिनों तक राजस्थान के कई जिलों और राजधानी दिल्ली में शीतलहर चल सकती है। इस दौरान सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे दृश्यता कम हो सकती है। हालांकि फिलहाल तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा।
पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हालात और भी ज्यादा गंभीर हैं। यहां पहले से ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है और लोग कंपकंपी महसूस कर रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, इन दोनों राज्यों में सर्दी नया रिकॉर्ड बना सकती है। अगले पांच दिनों के दौरान कई इलाकों में शीतलहर के साथ-साथ बर्फबारी की भी चेतावनी दी गई है, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ने की आशंका है।
इसके अलावा देश के कई अन्य राज्यों में भी ठंड का प्रकोप देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अगले पांच दिनों तक कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में शीतलहर के चलते लोगों की परेशानी बढ़ सकती है और सुबह के समय घना कोहरा बना रह सकता है।
पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में भी ठंड का असर साफ दिखेगा। ओडिशा, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के अलावा दक्षिण भारत के कर्नाटक के आंतरिक हिस्सों और तेलंगाना के कुछ इलाकों में भी ठंड बढ़ने की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा और नागालैंड में भी सर्द मौसम लोगों को परेशान कर सकता है। इन क्षेत्रों में भी कई जगह सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है।
कुल मिलाकर, देशभर में सर्दी का असर लगातार गहराता जा रहा है और आने वाले कुछ दिन लोगों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के जरूरी उपाय अपनाने की सलाह दी है।
