Heavy Rain Alert: अगले 72 घंटे उत्तर भारत में फिर भारी बारिश मचाएगी तांडव, पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD ने इन राज्यों में जारी किया हाई अलर्ट
punjabkesari.in Friday, Jan 30, 2026 - 05:57 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हुआ है, जबकि मैदानी राज्यों में शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड अब सिर्फ असहज नहीं बल्कि खतरनाक होती जा रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
पहाड़ों पर बर्फबारी से सड़कें बंद, पर्यटक फंसे
मौसम विभाग के अनुसार सबसे ज्यादा असर पहाड़ी राज्यों में देखा जा रहा है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण कई नेशनल हाईवे बंद हो गए हैं। जगह-जगह वाहन फंसे हुए हैं और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह उथल-पुथल आई है। IMD का कहना है कि उत्तर भारत के लिए अगले 72 घंटे बेहद अहम रहने वाले हैं।
पांच राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले दो दिनों तक इन इलाकों में तेज बारिश हो सकती है और 30 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 1 फरवरी को बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जबकि राजस्थान में 31 जनवरी को बारिश होने की संभावना जताई गई है।
शीतलहर से कांपेगा उत्तर भारत
IMD के मुताबिक उत्तर भारत के 19 से ज्यादा जिलों में शीतलहर का गंभीर असर देखने को मिलेगा। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, बरेली, मेरठ, आगरा और मथुरा जैसे जिलों में सुबह के समय कड़ाके की ठंड पड़ेगी। हरियाणा के गुरुग्राम, रेवाड़ी, सोनीपत और पानीपत में भी ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा। पंजाब के मनसा, बठिंडा और फाजिल्का में भी ठंड लोगों को परेशान कर सकती है।
दिल्ली-NCR में बारिश और तेज ठंड के आसार
दिल्ली-NCR में भी मौसम बदला-बदला नजर आएगा। मौसम विभाग के अनुसार 1 और 3 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है। 30 जनवरी की सुबह ठंड ज्यादा रहेगी, जबकि दोपहर के बाद धूप निकलने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के आसपास रह सकता है। तेज हवाओं के कारण ठंड ज्यादा महसूस होगी।
यूपी और बिहार में कोहरे का कहर
उत्तर प्रदेश के 15 से ज्यादा जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। लखनऊ में बादल छाए रहेंगे और तापमान में गिरावट बनी रहेगी। बिहार के मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण तथा गोपालगंज में घना कोहरा छाया रह सकता है। पटना में अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में हल्का बदलाव, बड़ा खतरा नहीं
दक्षिण भारत में मौसम उत्तर भारत जैसा गंभीर नहीं है, लेकिन यहां भी बदलाव देखने को मिल रहा है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ तटीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। चेन्नई में बादल छाए रहेंगे और उमस बनी रहेगी। केरल के तटीय और पहाड़ी इलाकों में, खासकर इडुक्की और वायनाड में, छिटपुट बारिश की संभावना है। कर्नाटक के बेंगलुरु और मैसूरु में सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में आंशिक बादल रह सकते हैं। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मौसम अधिकतर शुष्क रहेगा, हालांकि तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने समुद्री इलाकों में मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
