Heavy Rain Alert: अगले 24 घंटे में भारी बारिश मचाएगी तांडव, पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD ने इन राज्यों में जारी किया हाई अलर्ट

punjabkesari.in Saturday, Jan 24, 2026 - 04:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। पश्चिमी हिमालय से लेकर मैदानी इलाकों तक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और निम्न दबाव क्षेत्र का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं, बादलों और कहीं-कहीं बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार समेत कई राज्यों में सर्दी का नया दौर शुरू होने के संकेत हैं।

दिल्ली, लखनऊ, पटना और जयपुर का मौसम
राजधानी दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है और 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी। न्यूनतम तापमान करीब 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सुबह हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

बिहार की राजधानी पटना में मौसम मुख्य रूप से साफ बना रहेगा और न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। वहीं राजस्थान की राजधानी जयपुर में कड़ाके की सर्दी का असर दिखेगा। यहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।


कहां होगी बारिश और बर्फबारी
निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार 26 से 28 जनवरी के बीच एक और सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे 27 जनवरी को पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है।


तापमान में कितनी आएगी गिरावट
दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि इसके बाद के तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।


मध्य भारत और महाराष्ट्र का हाल
मध्य भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद चार दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

महाराष्ट्र में भी अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के आसार हैं। इसके बाद अगले कुछ दिनों में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। देश के अन्य हिस्सों में फिलहाल तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News