Heavy Rain Alert: अगले 48 घंटे इन 5 राज्यों में ताबड़तोड़ बारिश, चलेगी तेज हवाएं... IMD का बड़ा अलर्ट
punjabkesari.in Saturday, Jan 24, 2026 - 08:29 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देश में मौसम का मिजाज इस वक्त पूरी तरह से अस्थिर नजर आ रहा है। कभी कड़ाके की ठंड, तो कभी अचानक बारिश लोगों को असमंजस में डाल रही है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने एक और चिंता बढ़ाने वाला अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटों में देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाएं और शीतलहर एक साथ कहर बरपा सकती हैं।
IMD के अनुसार, इस बदले हुए मौसम की वजह से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड और ज्यादा तीखी हो जाएगी। पूर्वी और उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम बिगड़ने के साफ संकेत मिल रहे हैं।
इन 5 राज्यों में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान देश के 5 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। इनमें शामिल हैं- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, तमिलनाडु और पुडुचेरी। 27 और 28 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में मध्यम से भारी बारिश, बर्फबारी, बिजली गिरने और 40 से म किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों में ओलावृष्टि का खतरा भी बना हुआ है। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 24 और 25 जनवरी को कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 26 जनवरी को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
उत्तर भारत में शीतलहर का कहर
IMD के मुताबिक, अगले 24 घंटों में उत्तर भारत के कई जिलों में शीतलहर लोगों को कंपकंपा सकती है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, रामपुर, बिजनौर, रायबरेली, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ में सुबह के समय ठंडी हवाएं परेशानी बढ़ाएंगी। हरियाणा के गुरुग्राम और सोनीपत, जबकि पंजाब के अमृतसर, जालंधर, बठिंडा, पटियाला, होशियारपुर और मोहाली में 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाओं के साथ शीतलहर चलने की संभावना है।
दिल्ली में बढ़ेगी ठंड, बारिश का अलर्ट जारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। IMD के अनुसार, 27 जनवरी को दिल्ली में बारिश हो सकती है। 25 जनवरी को सुबह के समय ठंड और तेज होगी। इस दौरान 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। दिल्ली में कल अधिकतम तापमान 17°C और न्यूनतम 4°C तक गिर सकता है।
उत्तर प्रदेश में बारिश और आंधी की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में 27 और 28 जनवरी को मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, मुरादाबाद, अमरोहा, कानपुर, लखनऊ और पीलीभीत में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में 25 जनवरी को अधिकतम तापमान 22°C और न्यूनतम 8°C रहने का अनुमान है।
बिहार में कोहरा और शीतलहर का असर
बिहार में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम बिगड़ सकता है। पटना समेत सारण, बक्सर, भोजपुर, गया और चंपारण के जिलों में बादल छाए रहेंगे। पूर्णिया, किशनगंज, अररिया और कटिहार में घना कोहरा, जबकि खगड़िया, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में शीतलहर चल सकती है। पटना में कल अधिकतम तापमान 24°C और न्यूनतम 13°C रहने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का खतरा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 27–28 जनवरी को तेज हवाओं के साथ बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, शिमला, मनाली, कुल्लू और कांगड़ा में मौसम सबसे ज्यादा प्रभावित रहेगा। मनाली में तापमान माइनस 12°C तक गिर सकता है।
जम्मू-कश्मीर में 48 घंटे तक बिगड़ा रहेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर में लगातार दो दिन तक बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। श्रीनगर, गुलमर्ग, जम्मू और पुंछ में तापमान शून्य से नीचे पहुंच सकता है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में फिलहाल राहत
राजस्थान और मध्य प्रदेश में 25 जनवरी को मौसम सामान्य रहेगा। दिन में धूप जरूर निकलेगी, लेकिन सुबह और रात में ठंड बनी रहेगी।
