Heavy Rain Alert: अगले 24 घंटों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी, पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD का इन राज्यों में अलर्ट
punjabkesari.in Sunday, Jan 25, 2026 - 08:41 PM (IST)
नेशनल डेस्कः उत्तर भारत में ठंड ने एक बार फिर दस्तक दी है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश के बाद गलन वाली ठंड लौट आई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में 5 राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। वहीं, मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ मौसम में बदलाव का अनुमान है। विशेषज्ञों ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में और गिरावट आएगी और आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड का असर और बढ़ सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) उत्तर भारत के कई हिस्सों में असर दिखा रहा है, और आने वाले दिनों में इसका प्रभाव और बढ़ेगा। डॉ. नरेश कुमार के मुताबिक, इस विक्षोभ के चलते हवाओं की दिशा बदलकर उत्तर-पश्चिमी हो जाती है, जिससे ठंड का स्तर बढ़ जाता है। हाल ही में कई क्षेत्रों में तापमान 8–9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि 26, 27 और 28 जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। इसका प्रभाव पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान और मध्य प्रदेश तक रहेगा। 27 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है।
5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए भारी बारिश/हिमपात की चेतावनी दी है। इनमें जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 27 जनवरी को तेज हवाओं के साथ भारी बर्फबारी हो सकती है। तेज हवाओं की रफ्तार 40–50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है, और झोंके 60 किमी/घंटा तक हो सकते हैं। इन इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है।
इन राज्यों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इसमें जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी क्षेत्र शामिल हैं, जहां भारी हिमपात और बारिश की संभावना है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी मौसम बदल सकता है। दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भी तेज बारिश का अनुमान है।
मैदानी इलाकों में मौसम
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में 27–28 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
IMD के अनुसार, दिल्ली में अगले 48 घंटों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्का कोहरा और ठंड का असर बना रहेगा। 27 जनवरी को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30–40 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम बारिश और आंधी-तूफान जैसी स्थिति बन सकती है। 26 से 28 जनवरी के बीच तापमान में 3–6 डिग्री की गिरावट आ सकती है। 26 और 27 जनवरी की सुबह कई क्षेत्रों में घना कोहरा छा सकता है।
उत्तराखंड का मौसम
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में आंशिक रूप से बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश या 2800 मीटर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। लॉन्ग वीकेंड के चलते पर्यटकों का जमावड़ा भी देखने को मिल रहा है।
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश में शनिवार को घने बादलों और कड़ाके की ठंड का असर रहा। पहाड़ी इलाकों में पहले हुई बर्फबारी के कारण राज्य के 680 से अधिक सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने 25 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात की चेतावनी दी है। 26 से 28 जनवरी तक राज्य में भारी हिमपात और बारिश की संभावना है। कांगड़ा, मंडी, सोलन, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सिरमौर के लिए घने कोहरे और शीतलहर का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।
