Rain Alert: भारी बारिश के साथ बिजली, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी, IMD ने इन राज्यों में जारी किया अलर्ट
punjabkesari.in Sunday, Oct 05, 2025 - 06:45 PM (IST)

नेशनल डेस्क: अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 6 और 7 अक्टूबर को उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पंजाब में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
गरज-चमक के साथ तेज हवाएं
दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम समेत एनसीआर के इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हवाओं की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। दिनभर अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
नोएडा और गुरुग्राम में 6 और 7 अक्टूबर को अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। नौकरीपेशा लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों को सलाह दी गई है कि वे छाता लेकर घर से निकलें।
राजस्थान में रेड अलर्ट
राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यहां 7 से 20 सेंटीमीटर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, बिहार के उत्तरी इलाकों में भी तेज बारिश का अनुमान है।
मध्य प्रदेश में हल्की बारिश
मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जिससे दिन का तापमान 27 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अक्टूबर के अंत तक ठंड धीरे-धीरे बढ़ने लगेगी।
हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
तमिलनाडु के कई इलाकों में 6 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कर्नाटक में 8 अक्टूबर तक आंधी-तूफान के साथ 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। IMD ने बताया कि 8 अक्टूबर के बाद दक्षिण भारत में मौसम धीरे-धीरे शांत होगा और बारिश के बाद शुष्क मौसम की शुरुआत होगी। मौसम विभाग ने सभी प्रभावित राज्यों के लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है। यात्रा से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें।