Heavy Rain Alert: आज तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना, दिल्ली में बाढ़ के खतरे के बीच IMD ने जारी किया अलर्ट

punjabkesari.in Tuesday, Aug 19, 2025 - 12:14 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर करीब 97 प्रतिशत रहा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 90 रहा जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच को 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच को 'मध्यम', 201 से 300 के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।

दिल्ली में यमुना का जलस्तर निकासी स्तर के करीब पहुंचा
वहीं, दिल्ली के पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी का जलस्तर मंगलवार सुबह आठ बजे 205.79 मीटर तक पहुंच गया, जो निकासी स्तर 206 मीटर से थोड़ा कम है। नदी का जलस्तर सोमवार दोपहर को 205.55 मीटर तक पहुंच गया था, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया था और तब से जलस्तर में वृद्धि हो रही है।

अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियों को बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है। बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता नदी किनारे निचले इलाकों का दौरा कर सकती हैं।

केंद्रीय बाढ़ कक्ष के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘यमुना का जलस्तर मुख्यतः वज़ीराबाद और हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण बढ़ रहा है।'' बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, वर्तमान में हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे लगभग 38,361 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है और वजीराबाद बैराज से हर घंटे 68,230 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

पुराना रेलवे पुल नदी के प्रवाह और संभावित बाढ़ के खतरों पर नजर रखने के लिए एक प्रमुख अवलोकन बिंदु के रूप में कार्य करता है। दिल्ली के लिए चेतावनी चिह्न 204.50 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है तथा निकासी 206 मीटर पर शुरू होती है। बैराज से छोड़े गए पानी को दिल्ली पहुंचने में आमतौर पर 48 से 50 घंटे लगते हैं। ऊपरी इलाकों से कम पानी छोड़े जाने से भी जलस्तर बढ़ रहा है, जो दिल्ली में चेतावनी के निशान के करीब पहुंच गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News