Heavy Rain Alert: 17 और 18 सितंबर को खूब बरसेंगे बादल, IMD ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट
punjabkesari.in Wednesday, Sep 17, 2025 - 03:09 PM (IST)

नेशनल डेस्क : जल्द ही मध्यप्रदेश से मानसून की विदाई हो जाएगी, लेकिन जाने से पहले यह कई इलाकों को अच्छी तरह भिगोकर जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 17 और 18 को प्रदेश के कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना है।
अभी दो चक्रवाती सिस्टम सक्रिय
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश के आसपास दो अलग-अलग चक्रवाती सिस्टम सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में बने इन सिस्टम का असर सीधे मध्यप्रदेश पर पड़ रहा है। इसके चलते पूर्वी और पश्चिमी मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बरसात की उम्मीद है। मंगलवार को भी भोपाल, जबलपुर और नर्मदापुरम जिले के पिपरिया क्षेत्र में बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि 17 और 18 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मंगलवार को जारी बुलेटिन में बुरहानपुर, खंडवा, बड़वानी, सिवनी और छिंदवाड़ा जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इसके साथ ही लगभग सभी जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी हुआ है।
इस साल मध्यप्रदेश में हुई अच्छी बारिश
इस साल 16 जून को मानसून ने मध्यप्रदेश में दस्तक दी थी। तब से अब तक औसतन 42.1 इंच बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्यत: इस अवधि में 35.2 इंच वर्षा होती है। यानी अब तक लगभग 6.9 इंच अधिक पानी गिर चुका है। राज्य की सामान्य औसत बारिश करीब 37 इंच मानी जाती है, जो पिछले हफ्ते ही पूरी हो चुकी है।
इस इलाकों ने ज्यादा बारिश नही हुई
हालांकि प्रदेश में कुल मिलाकर सामान्य से ज्यादा वर्षा हुई है, लेकिन इंदौर और उज्जैन संभाग की स्थिति बेहतर नहीं रही। यहां अपेक्षा से कम पानी बरसा है। सबसे कम बारिश वाले शीर्ष 5 जिलों में बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन और शाजापुर शामिल हैं।
इन राज्यों से हुई मानसून की विदाई
इधर राजस्थान, गुजरात, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई हो चुकी है। जल्द ही मध्यप्रदेश से भी मानसून अलविदा कह देगा। मगर उससे पहले, आने वाले दिनों में प्रदेश के कई जिलों में जमकर बारिश होने की संभावना है।