Heavy Rain Alert: अगले 3 दिनों तक गरज चमक के साथ होगी भारी बारिश, पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD का इन राज्यों में अलर्ट

punjabkesari.in Thursday, Jan 08, 2026 - 07:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने नई चेतावनी जारी करते हुए शीतलहर, घने कोहरे और कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है। उत्तर भारत में तापमान में लगातार गिरावट से ठंड और कोहरे का असर बढ़ सकता है, जबकि दक्षिण भारत के तटीय क्षेत्रों के पास बने Deep Depression ने चिंता बढ़ा दी है।

मौसम विभाग ने क्या दी ताजा जानकारी

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर क्षेत्र में बना गहरा निम्न दबाव (Deep Depression) बीते 6 घंटों में करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। विभाग ने बताया कि 8 जनवरी 2026 की सुबह 8:30 बजे (IST) यह सिस्टम दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर स्थित था। यह श्रीलंका के हंबनटोटा से लगभग 410 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व और चेन्नई से करीब 980 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम अगले 36 घंटों तक इसी दिशा में आगे बढ़ता रहेगा और 9 जनवरी 2026 की शाम या रात तक श्रीलंका के तट को हंबनटोटा और कालमुनाई के बीच पार कर सकता है।

बारिश को लेकर क्या है अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक 8 से 11 जनवरी के बीच तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। वहीं केरल और माहे में 10 जनवरी के दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। तटीय क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

ठंड और कोहरे को लेकर चेतावनी

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 5 से 7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और उत्तर-पूर्व भारत के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके अलावा अगले 2 दिनों में हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड में शीतलहर चलने की आशंका है। वहीं राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले 3 दिनों तक ठंड का प्रकोप बना रह सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News