दिल्ली के कुछ हिस्सों में ''लू'' का प्रकोप, शनिवार के लिए ''येलो अलर्ट''
punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 12:03 AM (IST)
नेशनल डेस्क : राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को इस मौसम की पहली 'लू' दर्ज की गई और शनिवार को भी यही स्थिति बनी रह सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने भीषण गर्मी के मद्देनजर शुक्रवार और शनिवार के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। हालांकि, शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में 'लू' दर्ज नहीं की गई, लेकिन कम से कम दो अन्य केंद्रों में भीषण गर्मी का प्रकोप रहा। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक है।
बृहस्पतिवार के मुकाबले 0.2 डिग्री की मामूली वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक और बृहस्पतिवार के न्यूनतम तापमान से 0.9 डिग्री कम है। आईएमडी के अनुसार, किसी केंद्र पर 'लू' की तब स्थिति होती है, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाए और वह सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री अधिक हो। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, लोधी रोड और रिज केंद्रों पर 'लू' दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान क्रमशः 41.8 डिग्री सेल्सियस और 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड केंद्र पर अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक रहा, जबकि रिज में यह औसत से 4.7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया था और शनिवार के लिए भी ऐसी ही चेतावनी दी है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ''शनिवार को भी अलग-अलग इलाकों में लू चलने की आशंका है। दिन के दौरान 15-25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।'' विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि सोमवार तक आसमान में बादल छा सकते हैं और मंगलवार को हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी 'स्काईमेट' के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ''यह इस मौसम की पहली लू थी और रविवार तक ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि, चक्रवाती परिसंचरण के कारण सोमवार से हल्की बारिश हो सकती है।'' आईएमडी ने शनिवार को अधिकतम तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है, जिसमें आने वाले दिनों में बारिश के कारण धीरे-धीरे गिरावट आएगी। शनिवार को न्यूनतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
आईएमडी ने शनिवार को अधिकतम तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, इस बीच शहर की वायु गुणवत्ता फिर से 'खराब' श्रेणी में पहुंच गई। शुक्रवार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 226 दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह 176 (मध्यम श्रेणी) था।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0-50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51-100 को 'संतोषजनक', 101-200 को 'मध्यम', 201-300 को 'खराब', 301-400 को 'बेहद खराब' और 401-500 के बीच एक्यूआई को 'गंभीर' माना जाता है। हालांकि, दिल्ली के लिए 'वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली' ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले दो दिनों तक एक्यूआई 'खराब' श्रेणी में बना रह सकता है और उसके बाद इसमें सुधार होकर यह 'मध्यम' श्रेणी में पहुंच सकता है।
