टीकाकरण के लिए भारी बर्फ के बीच 6 Km पैदल चली महिला हेल्थकर्मी, स्वास्थ्य मंत्री बोले- हेल्थ आर्मी पर मुझे गर्व

punjabkesari.in Thursday, Feb 03, 2022 - 07:17 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश में 15 से 18 साल आयु वर्ग के बच्चों का वैक्सीनेशन अभियान जारी है। इसी बीच, भारी बर्फबारी के बीच हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक महिला स्वास्थ्य कर्मी ने बर्फ में छह किलोमीटर पैदल चलकर किशोरों का कोविड टीकाकरण किया। जिसका वीडियो केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि, 'साहस की पराकाष्ठा उम्मीद की किरण है। देश की हेल्थ आर्मी देश का अभिमान है। छह किलोमीटर पैदल चलकर बच्चों के टीकाकरण के लिए जातीं स्वास्थ्य कर्मी।' गर्व है मुझे हमारी हेल्थ आर्मी पर।'

स्वास्थ्य मंत्री द्धारा शेयर किए गए वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक महिला स्वास्थ्य कर्मी बर्फ की मोटी चादर से ढके रास्तों पर चलकर करीब छह किलोमीटर पैदल सफर करते हुए स्कूली विद्यार्थियों को कोविड वैक्सीन की डोज देने के लिए स्कूल पहुंचीं। हेल्थकर्मी के इस वीडियो को स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया के इलावा सीएम जयराम ठाकुर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया है और स्वास्थ्य कर्मी का हौसला बढ़ाया है। वीडियो सराज के जंजैहली के थाची का बताया जा रहा है। 

सीएम जयराम ठाकुर ने ट्वीट कर लिखा कि, 'कोविड वैक्सीनेशन अभियान के अंतर्गत प्रदेश में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा समर्पणभाव से दी जा रही सेवाएं सफल गाथा लिख रही है। मण्डी में खराब मौसम एवं बर्फबारी के बावजूद स्वास्थ्य कर्मी बच्चों के वैक्सीनेशन हेतु मजबूत मनोबल के साथ सेवाएं देने जा रही है। हेल्थ वर्कर्ज को साधुवाद।' बता दें कि इन दिनों हिमाचल में बारिश और बर्फबारी के कारण आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में भारी बर्फबारी के बीच स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ऐसे दुर्गम इलाकों में कोरोना वैक्सीन लेकर पहुंचना काबिलेतारीफ है। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News