अॉफ द रिकॉर्डः हरदीप पुरी, सन्नी देओल, अक्षय खन्ना ने चुनाव लड़ने से किया इन्कार, भाजपा सकते में

punjabkesari.in Sunday, Mar 31, 2019 - 05:35 AM (IST)

नेशनल डेस्क: पंजाब में भाजपा को सबसे बदतर स्थिति का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि उसे यहां से चुनावों में विजय दिलाने वाले उम्मीदवार नहीं मिल रहे। केंद्रीय आवास और शहरी विकास राज्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अमृतसर लोकसभा सीट से चुनाव लडऩे से इंकार कर दिया है। फिल्म अभिनेता सन्नी देओल द्वारा इन्कार किए जाने के बाद भाजपा ने हरदीप पुरी को चुनाव लडऩे की पेशकश की। 
PunjabKesari
बीकानेर से भाजपा के पूर्व सांसद और प्रमुख फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र के बेटे हैं सन्नी देओल। उनकी सौतेली मां हेमामालिनी मथुरा से निवर्तमान लोकसभा सांसद हैं। वास्तव में भाजपा चाहती थी कि हेमामालिनी अमृतसर से चुनाव लड़ें मगर उन्होंने यह कहते हुए इंकार कर दिया कि वह ‘कृष्ण भक्त’ हैं और अपने राजनीतिक जीवन के अंतिम छोर में वृंदावन-मथुरा से कहीं और नहीं जाना पसंद करेंगी। 
PunjabKesari
भाजपा नेतृत्व ने पूर्व आई.एफ.एस. अधिकारी हरदीप पुरी से सम्पर्क किया जिनको धूमधाम से भाजपा में शामिल किया गया था और उन्हें राज्यमंत्री बनाया गया। वह राज्यसभा के सदस्य हैं। वह अमृतसर से हैं और उन्होंने 2014 में अरुण जेतली के लिए काफी मेहनत की थी लेकिन हरदीप पुरी ने नम्रतापूर्वक यहां से चुनाव लडऩे से इंकार करते हुए कहा कि उनका मतदाताओं के साथ कोई सम्पर्क नहीं है। अब भाजपा को विजयदायी उम्मीदवारों को ढूंढने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है क्योंकि राज्य में ऐसे नेता नहीं हैं जो कांग्रेस का कड़ा मुकाबला कर सकें। 
PunjabKesari
पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में से भाजपा को अमृतसर, गुरदासपुर और होशियारपुर (सुरक्षित) सीटों पर चुनाव लडऩा है। भाजपा फिल्म अभिनेता विनोद खन्ना का 2 वर्ष पूर्व निधन होने के बाद गुरदासपुर का उपचुनाव कांग्रेस के हाथों हार गई थी। कांग्रेस के सुनील जाखड़ मौजूदा समय में यहां से सांसद हैं। भाजपा चाहती थी कि स्वर्गीय विनोद खन्ना के बेटे अक्षय खन्ना यहां से चुनाव लड़ें जोकि फिल्म अभिनेता हैं मगर उन्होंने राजनीतिक अखाड़े में उतरने से इंकार कर दिया। भाजपा विनोद खन्ना की पत्नी कविता खन्ना को चुनाव मैदान में उतारने की इच्छुक नहीं। गुरदासपुर और अमृतसर सीटों के लिए भाजपा को विजयदायी उम्मीदवारों की तलाश है। ऐसा प्रस्ताव है कि स्थानीय नेताओं को यहां से चुनाव लड़ाया जाए मगर पार्टी नेतृत्व को उनके सीट जीतने की क्षमता पर विश्वास नहीं। होशियारपुर में भाजपा ने विजय सांपला को फिर से उम्मीदवार बनाया है जोकि मोदी सरकार में राज्यमंत्री हैं। 
PunjabKesari
पंजाब में निराशाजनक स्थिति के विपरीत हरियाणा में भाजपा 7वें आसमान पर है। राज्य की सभी 10 सीटों के लिए भाजपा के पास उम्मीदवारों की भरमार है। राज्य में विपक्ष 4 ग्रुपों में बंटा हुआ है और भाजपा की स्थिति बेहतर है और उसने सभी 10 सीटों पर विजय हासिल करने का दावा किया है, बेशक 2014 में मोदी की जबरदस्त लहर के बावजूद भाजपा ने राज्य की केवल 7 सीटों पर जीत हासिल की थी। एक सांसद ने पार्टी को छोड़ दिया जबकि 3 अन्य को टिकट नहीं दिया जाएगा। हरियाणा में मतदान 6वें चरण में होगा जबकि पंजाब में 19 मई को 7वें चरण में मतदान होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News