हर घर तिरंगा अभियान के तहत हरियाणा में लगभग 60 लाख घरों पर फहराया जाएगा तिरंगा

punjabkesari.in Monday, Jul 18, 2022 - 07:41 PM (IST)

चंडीगढ़, 18 जुलाई -(अर्चना सेठी) हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 13 से 15 अगस्त तक मनाए जाने वाले हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभर में 20 करोड़ घरों पर झंडा फहराया जाएगा, जिससे लगभग 100 करोड़ की आबादी कवर होगी। हरियाणा में भी लगभग 60 लाख घरों पर तिरंगा फहराया जाएगा। यह एक जन अभियान है, इसलिए नागरिकों द्वारा खरीद कर स्वेच्छा से राष्ट्र ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए सरकारी पैसे का उपयोग नहीं किया जाएगा।

इस अभियान के संबंध में मुख्यमंत्री  मनोहर लाल ने आज चंडीगढ़ हरियाणा निवास पर सर्वदलीय बैठक ली।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला बिजली मंत्री श्रीरणजीत सिंह और विधायक  गोपाल कांडा ने घोषणा की कि वे अपने 1 माह के वेतन के समान झंडे का दान करेंगे।  उन्होंने अन्य विधायकों और सांसदों से भी झंडा दान करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सभी सरकारी भवनों पर अब स्थाई रूप से तिरंगा लगाया जाएगा और 26 जनवरी तथा 15 अगस्त के दिन तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त तक घरों पर तिरंगा फहराने के अलावा स्कूली बच्चों की वर्दी पर तिरंगे का बैच भी लगाया जाएगा, ताकि उनमें भी  देशभक्ति की भावना का संचार हो और वे स्वयं को इस अभियान के साथ जोड़ सकें।

उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत किसी भी प्रकार से सरकारी पैसे का उपयोग नहीं किया जाएगा, लोगों को स्वेच्छा से तिरंगा खरीद कर अपने घरों पर फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा इसके अलावा सामाजिक संस्थाओं से भी आव्हान किया जाएगा कि वह भी इस राष्ट्रीय पर्व में अपना बहुमूल्य योगदान देने के लिए आगे आएं।

उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं द्वारा दान के माध्यम से और औद्योगिक संस्थानों द्वारा सीएसआर के माध्यम से झंडे लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सस्ते अनाज की दुकानों, पोस्ट ऑफिस, पंचायत घर, सामान्य सेवा केंद्रों, आंगनवाड़ी केंद्रों इत्यादि पर तिरंगे उपलब्ध करवाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि संपूर्ण मर्यादा के साथ ही तिरंगा फहराया जाएगा। सभी जिलों में तिरंगे की उपलब्धता के लिए जिला उपायुक्तों को निर्देश दे दिए गए हैं तथा जरूरत के अनुसार स्थानीय स्तर पर भी झंडे बनवाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा उपलब्ध कराने के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा के लिए डंडे की भी उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी ताकि वह बिना किसी कठिनाई के अपने घरों पर तिरंगा फहरा सकें।

उन्होंने कहा कि इसके लिए बनाए गए पोर्टल पर एक अपील पेज भी बनाया जाएगा जिसमें झंडा दान करने की अपील की जाएगी साथ ही जिला प्रशासन या अन्य संस्थाओं द्वारा भी तिरंगे की जरूरत या मांग भी इस पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।

गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री  अनिल विज ने कहा कि तिरंगे के साथ डंडा भी अवश्य दिया जाना चाहिए तथा सभी पार्टियां कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाएं और वे घर घर जाकर भी झंडा लगाएं तथा जिसके पास तिरंगा नहीं है उन्हें उपलब्ध करवाएं।

बिजली मंत्री jरणजीत चौटाला ने भी कहा कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करेंगे । उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा एक साथ इतने बड़े पैमाने पर तिरंगा फहराने से निश्चित रूप से देशभक्ति और देश प्रेम की भावना का संचार होगा।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष  भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि देशभक्ति के लिए ऐसी पहल अवश्य की जानी चाहिए। तिरंगा किसी सरकार या निजी व्यक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि यह देश की आन बान , शान और राष्ट्रीयता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि जब तिरंगे की परिकल्पना की गई थी तब संविधान बैठक में इन तीनों रंगों पर विस्तार से चर्चा की गई थी तब जाकर यह तीन रंग चुने गए थे। श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वे अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों से भी आह्वान करेंगे कि वे सभी इस अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें।  

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष  उदयभान ने कहा कि हम सभी इस अभियान में पूरे जोश और उमंग के साथ सहयोग करेंगे । केंद्र व राज्य सरकार का यह प्रयास सराहनीय है ठीक है आमजन को इस प्रकार से इतने बड़े अभियान में शामिल कर रहे हैं।

कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि नागरिकों द्वारा पूरे सम्मान व मर्यादा के साथ तिरंगा फहराया जाए यह हम भी सुनिश्चित करेंगे।

इनेलो नेता  अभय चौटाला ने कहा कि इस अभियान में शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है इसलिए सरकार की ओर से शिक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को विशेष रूप से निर्देश दिए जाएं ताकि संपूर्ण गतिविधियां सुगमता से पूर्ण हो सकें ।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Archna Sethi

Recommended News

Related News