युवाओं में संस्कारों का निर्माण कर रहे गुरुकुल

punjabkesari.in Saturday, Jun 10, 2023 - 07:20 PM (IST)


चंडीगढ़ , 10 जून -(अर्चना सेठी)  हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण तथा पशुपालन मंत्री जय प्रकाश दलाल ने समाजसेवी स्वर्गीय खजान सिंह छिक्कारा को नमन करते हुए कहा कि गुरुकुल आज भी ऋषि परंपरा को कायम रखे हुए हैं, जिसमेंं खजान सिंह का भी विशेष योगदान रहा है। इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए युवाओं में संस्कारों का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी आज विशेष आवश्यकता है।


सोनीपत जिला के आर्य गुरुकुल जुआं में शनिवार को खजान सिंह छिक्कारा की 11वीं पुण्यतिथि के मौके पर स्मृति सभा का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए कृषि मंत्री जय प्रकाश दलाल ने कहा कि चरित्र निर्माण से ही देश को आगे बढ़ा सकते हैं। इस प्रकार की संस्थाएं परंपराओं को संरक्षित रख रही हैं, जो अनुकरणीय है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जो राष्ट्र की सोचती है, जिसमें परिवारवाद के लिए स्थान नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी भाजपा की सरकार ने देश की विकट समस्या बने कश्मीर के मसले को सफलतापूर्वक सुलझाया है। ऐसा जनता के सहयोग से हुआ है क्योंकि जनता ने पूर्ण बहुमत वाली स्थाई सरकार देश को दी। लोकतंत्र के लिए यह जरूरी है। आने वाला समय भारत का है। भारत आज विश्व के नेतृत्व की ओर बढ़ रहा है।


कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री दलाल ने इस दौरान किसानों की पशुपालन के लिए भी प्रोत्साहित किया। विशेष रूप से उन्होंने गोपालन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि देशी गाय के सहारे किसानों की आमदनी को बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि ब्राजील दौरे के दौरान उन्होंने देखा कि हमारी देशी गाय के सहारे वहां नस्ल सुधार किया गया, जिससे एक गाय से ही 30-40 लीटर दूध मिलने लगा। इसी प्रकार अब हरियाणा में भी नस्ल सुधार की दिशा में प्रयास किये जा रहे हैं, ताकि दूध उत्पादन को बढ़ाया जा सके। उत्तम किस्म की नस्ल की गाय तैयार कर रहे हैं, जिससे किसानों को विशेष लाभ मिलेगा।


कृषि मंत्री जय प्रकाश दलाल ने इस दौरान किसानों को कीटनाशक आधारित खेती छोडऩे के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि वे प्राकृतिक खेती करें, जिसमें देशी गाय विशेष रूप से सहयोगी रहेगी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को सरकार द्वारा 25 हजार रुपये की अनुदान राशि प्रदान की जाती है। किसानों को इसका लाभ उठाते हुए कीटनाशकों के प्रयोग वाली खेती को त्यागना चाहिए।


 स्मृति सभा के प्रमुख संयोजक एवं राज्य सूचना आयुक्त डा. कुलबीर छिक्कारा ने कृषि मंत्री का स्वागत और आभार व्यक्त किया। आर्ष गुरुकुल के आचार्य वेदनिष्ठ ने इस दौरान गुरुकुल के संचालन इत्यादि की संक्षिप्त जानकारी देते हुए गुरुकुलों के लिए भी सरकार द्वारा सहायता देने की व्यवस्था किये जाने की मांग की। पद्मश्री आचार्या डा. सुकामा व स्वामी आर्यवेश तथा बीपीएस महिला विश्वविद्यालय की कुलपति डा. सुदेश छिक्कारा ने इस दौरान गुरुकुलों की आवश्यकता और महत्व से अवगत करवाया। इस दौरान गुरुकुल के छात्रों ने साहसिक व्यायाम प्रदर्शन भी किया। अंत में कृषि मंत्री ने गुरुकुल के उत्कृष्ट छात्रों तथा गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित भी किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Archna Sethi

Recommended News

Related News