शंकर सिंह वाघेला के बेटे महेंद्र सिंह वाघेला ने BJP से दिया इस्तीफा

punjabkesari.in Thursday, Oct 18, 2018 - 06:12 PM (IST)

गांधीनगर: गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री शंकरसिंह वाघेला के पुत्र महेन्द्रसिंह वाघेला ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।  उत्तर गुजरात की बायड सीट पर पूर्व में कांग्रेस के विधायक रहे महेन्द्रसिंह वाघेला ने अपने पिता के पिछले साल कांग्रेस से नाता तोडऩे के बाद अन्य दर्जन भर विधायकों के साथ पार्टी छोड़ दी थी। उनमें से अधिकांश ने कुछ ही समय बाद भाजपा का दामन थाम लिया था पर उन्होंने इस साल जुलाई में अचानक भाजपा में शामिल होने की घोषणा की थी। इसके बाद सीनियर वाघेला ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि अपने समर्थकों की राय जाने बिना हड़बड़ी में लिया गया यह निर्णय है जिस पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। 

PunjabKesari

उन्होंने कहा था कि अगर यह फैसला नहीं बदला तो वह अपने पुत्र से सभी राजनीतिक संबंध तोड़ लेंगे। महेन्द्रसिंह वाघेला ने आज यूएनआई को दूरभाष पर बताया कि उन्होंने भाजपा से त्यागपत्र दे दिया है। वह फिलहाल राज्य से बाहर हैं और सोमवार अथवा मंगलवार तक गुजरात वापसी के बाद ही अपना पक्ष विस्तार से रखेंगे। उधर भाजपा के सूत्रों ने बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को संक्षिप्त इस्तीफा भेजा है जिसमें कारण का कोई उल्लेख नहीं है।  विधानसभा चुनाव के दौरान जन विकल्प मोर्चे की बाहर से अगुवाई करने वाले श्री वाघेला ने पिछले कुछ समय से भाजपा के खिलाफ कड़ा रूख अपना लिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil dev

Recommended News

Related News