Greater Noida में सुबह-सुबह बड़ा हादसा, कार सीख रही महिला ने स्कूल बस का इंतजार कर रहे 5 बच्चों को रौंदा

punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 09:15 AM (IST)

Greater Noida Accident:  दिल्ली-एनसीआर के पास ग्रेटर नोएडा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। पंचशील ग्रीन्स-2 सोसायटी के बाहर कार चलाना सीख रही एक महिला की गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और वहां स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सोसायटी के कुछ बच्चे सुबह स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। वे सोसायटी गेट के बाहर खड़े थे, तभी एक महिला कार लेकर वहां पहुंची। पुलिस के मुताबिक, महिला अभी ड्राइविंग सीख रही थी और उसे वाहन चलाने का ज्यादा अनुभव नहीं था।

अचानक कार पर से नियंत्रण हट गया और गाड़ी बच्चों की ओर बढ़ गई। टक्कर लगने से बच्चे सड़क पर गिर गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चों की मदद की और घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस महिला चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में कार पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह सामने आई है।

इस घटना के बाद सोसायटी और आसपास के इलाकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने ड्राइविंग सीखने वालों से सावधानी बरतने और रिहायशी इलाकों में वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता रखने की अपील की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News