PM मोदी बोले- बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी सरकार

punjabkesari.in Saturday, Mar 22, 2025 - 03:12 PM (IST)

नेशनल डेस्क. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 'बिहार दिवस' के मौके पर बिहारवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिहार भारतीय परंपराओं और संस्कृति का केंद्र रहा है। इसके सर्वांगीण विकास के लिए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में बिहार को वीरता और महान हस्तियों की पवित्र भूमि बताया और कहा, "वीरों और महान विभूतियों की पावन धरती बिहार के सभी भाई-बहनों को बिहार दिवस की ढेर सारी शुभकामनाएं।"

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे लिखा, "भारतीय इतिहास को गौरवान्वित करने वाला हमारा यह राज्य आज अपनी विकास यात्रा के महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है। इसमें बिहारवासियों की मेहनत और प्रतिभा का अहम योगदान है। हमारे देश की संस्कृति और परंपरा का केंद्र रहे इस राज्य के चौतरफा विकास के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।"

बिहार का ऐतिहासिक महत्व भी है, क्योंकि यह प्राचीन भारतीय साम्राज्यों, बौद्ध और जैन धर्म से जुड़े पवित्र स्थलों का घर रहा है। हालांकि, यह राज्य आज भी देश के सबसे गरीब राज्यों में से एक है, जहां बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक देश के विभिन्न हिस्सों में काम करते हैं। बिहार को 1912 में बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग करके 22 मार्च को एक अलग राज्य बनाया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News