किसानों से बात करने के लिए सरकार ने 12 फरवरी को बुलाई बैठक, हरियाणा के कई जिलों में इंटरनेट बंद

punjabkesari.in Saturday, Feb 10, 2024 - 11:16 PM (IST)

सोनीपत (सन्नी मलिक): किसानों के दिल्ली कूच करने से पहले केंद्र सरकार एक्शन में आ गई है। केंद्र सरकार ने 12 फरवरी को बाचतीच के लिए किसान नेताओं को आमंत्रित किया है। इस संबंध में सरकार की ओर से एक नोट जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि किसान संघों की मांगों के संबंध में भारत सरकार केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय चंडीगढ़ में बैठक करेंगे। बता दें कि किसान संगठनों ने 13 फरवरी को दिल्ली कूच का ऐलान किया है। किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए हरियाणा सरकार बड़े इंतजाम कर रही है। हरियाणा सरकार ने शंभू बॉर्डर पर बेरिकैटिंग कर दी है।
PunjabKesari
किसानों के 13 फरवरी को प्रस्तावित दिल्ली चलो मार्च से पहले अंबाला, जींद और फतेहाबाद जिलों में पंजाब-हरियाणा सीमाओं को सील करने के लिए व्यवस्था की जा रही है। हरियाणा पुलिस ने शनिवार को एक यातायात परामर्श जारी कर हरियाणा से पंजाब तक प्रमुख मार्गों पर संभावित यातायात व्यवधान की आशंका को देखते हुए यात्रियों से 13 फरवरी को अति आवश्यक होने पर ही राज्य की सड़कों पर यात्रा करने का आग्रह किया।

हरियाणा सरकार ने किसानों के प्रस्तावित दिल्ली मार्च से पहले सात जिलों - अंबाला, कुरूक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं और एक साथ कई एसएमएस (संदेश) भेजने पर पाबंदी लगाने का आदेश भी दिया है। इस बीच, हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने पुलिस महानिरीक्षक (अंबाला रेंज) सिवास कविराज और अंबाला के पुलिस अधीक्षक जशनदीप सिंह के साथ किसानों के प्रस्तावित मार्च के मद्देनजर शनिवार को व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अंबाला के पास शंभू सीमा का दौरा किया।

संयुक्त किसान मोर्चा (अराजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा ने फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के संबंध में कानून बनाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव डालने के लिए 13 फरवरी को 200 से अधिक किसान यूनियनों के समर्थन से 'दिल्ली चलो' मार्च की घोषणा की है। हरियाणा पुलिस के यातायात परामर्श में आम लोगों से अपील की गई है कि वे केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में ही पंजाब की यात्रा करें। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News