24K-22K Gold Rate: सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट: 24 कैरेट/22 कैरेट के नए दाम जारी
punjabkesari.in Thursday, Sep 04, 2025 - 04:30 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने की चमक थोड़ी फीकी पड़ गई। हाल ही में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे गोल्ड के दाम में अब बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। ट्रेडर्स द्वारा भारी मुनाफावसूली और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में दबाव के कारण सोना ₹1,000 प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया। वहीं, चांदी की कीमत में भी ₹500 की गिरावट आई है।
अब क्या है गोल्ड और सिल्वर की नई कीमत?
24 कैरेट सोना (99.9% शुद्धता):
बुधवार को जहां यह ₹1,07,070 प्रति 10 ग्राम था, वहीं गुरुवार को यह घटकर ₹1,06,070 प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
22 कैरेट सोना (99.5% शुद्धता):
कीमत घटी और यह ₹1,05,200 प्रति 10 ग्राम रह गई, जो एक दिन पहले ₹1,06,200 थी।
चांदी (Silver):
₹500 की गिरावट के बाद अब कीमत ₹1,25,600 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। बुधवार को यह ₹1,26,100 के रिकॉर्ड स्तर पर थी।
ग्लोबल मार्केट में भी ठंडी पड़ी चमक
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गोल्ड और सिल्वर दोनों की कीमतों में नरमी दर्ज की गई है।
स्पॉट गोल्ड करीब 1.1% गिरकर USD 3,539.14 प्रति औंस पर आ गया, जो एक दिन पहले USD 3,578.80 था।
वहीं, स्पॉट सिल्वर 0.70% की गिरावट के साथ USD 40.93 प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा।
कमोडिटी विश्लेषकों के अनुसार, हाल के सत्रों में तेज़ी के बाद अब निवेशक मुनाफा बुक कर रहे हैं, जिससे ये गिरावट देखने को मिली है।
क्या गिरावट का दौर जारी रहेगा?
विशेषज्ञों का मानना है कि यह गिरावट अस्थायी हो सकती है। आने वाले दिनों में अमेरिकी जॉब डेटा और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर संकेतों पर नजर रखी जा रही है। अगर अमेरिका में आर्थिक आंकड़े कमजोर रहे, तो फेड की ओर से दरों में कटौती संभव है — जिससे गोल्ड फिर से मज़बूती पकड़ सकता है।
भारतीय बाजार में त्योहारी सीजन का असर
भारत में अब त्योहारी खरीदारी का मौसम शुरू हो रहा है। नवरात्रि, दशहरा और दीवाली जैसे बड़े त्योहारों से पहले अगर सोने की कीमतों में गिरावट आती है, तो यह आम खरीदारों के लिए अच्छा मौका साबित हो सकता है।