Gold Rate Down: एक बार फिर गिरे सोने-चांदी के दाम, जानें इस बार की नई कीमतें

punjabkesari.in Monday, Oct 27, 2025 - 09:43 PM (IST)

नई दिल्ली : अमेरिका और चीन के मध्य ट्रेड डील होने की खबरों के बीच सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज(एम.सी.एक्स.) पर सोने चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली। एम.सी.एक्स. सोना करीब 3100 रुपए प्रति तोला लुढ़क कर 1,20,092 रुपए के स्तर पर जा पहुंचा। सोमवार के कारोबारी सत्र में सोने ने 1,22,890 रुपए का हाई बनाया था। इससे पहले शुक्रवार को सोना 1,23,451 रुपए पर बंद हुआ था और सोमवार को करीब साढ़े 900 रुपए की गिरावट के साथ 1,22,500 रुपए पर खुला। सोने की कीमतों में इसी महीने में 1,32,294 रुपए का हाई बनाया था और सोना अब तक अपने उच्चतम स्तर से करीब 12,000 रुपए लुढ़क चुका है। 

इसी प्रकार चांदी की कीमतें चार फीसदी से ज्यादा लुढ़क कर 1,41,292 रुपए प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई, और इनमें करीब 6000 रुपए प्रति किलो की गिरावट देखने को मिली। एम.सी.एक्स. पर सोमवार को चांदी का उच्चतम स्तर 1,47,479 रुपए था और इसमें ऊपरी स्तरों से 6000 रुपए से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली। चांदी में इसी महीने एम.सी.एक्स. पर 1,70415 का आल टाइम हाई बनाया था और अपने ऊपरी स्तरों से चांदी अब करीब 29000 रुपए प्रति किलो टूट चुकी है। शुक्रवार को चांदी 1,47,470 पर बंद हुई थी और सोमवार को सुबह 1,42,910 पर खुली थी। 

इसी प्रकार न्यूयार्क कमोडिटी एक्चेंज कामैक्स पर भी सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिली। हाजिर बाजार में सोना 127 डालर लुढ़क कर  3984 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि सोने की वायदा कीमतों में भी भारी गिरावट देखने को मिली और कामैक्स पर फ्यूचर में सोना 151 डालर लुढ़क कर 3985 तक जा पहुंचा। चांदी में भी भारी गिरावट देखने को मिली और चांदी कीमतें करीब अढ़ाई डालर लुढ़क कर 46 डालर प्रति औंस तक पहुंच गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News