मिड-डे मील खाने के बाद बेहोश होकर गिरी छात्राएं, 5 अस्पताल में भर्ती
punjabkesari.in Sunday, Nov 23, 2025 - 12:01 AM (IST)
नेशनल डेस्क: मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के बडरांव ब्लॉक स्थित पंडित दीनदयाल राजकीय आवासीय विद्यालय, कटीहारी में कथित तौर पर मध्यान्ह भोजन में विषाक्त दाल के सेवन के बाद कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। दाल के सेवन के बाद अचानक कई छात्राओं को उल्टी, चक्कर आने और बेहोशी की शिकायत होने लगी। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाज़ुक देखते हुए पांच छात्राओं को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
आवासीय विद्यालय की वार्डन रिंकू शाही ने बताया कि दाल खाने के बाद छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि घटना के समय तीनों रसोइयां मौजूद थीं। उन्होंने बताया कि दाल खाने से पांच छात्राएं गंभीर रूप से बीमार हुई हैं और जिला अस्पताल में इलाजरत हैं। उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की है।
छात्राओं की हालत खराब होने पर प्रधानाचार्य को तुरंत सूचना दी गई। विद्यालय प्रशासन ने पहले उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रसोइया अनीता शर्मा ने बताया कि दाल उन्होंने ही बनाई थी। बच्चों ने शिकायत की कि दाल का रंग हरा हो गया है। उन्होंने कहा कि पहले लगा कि शायद धनिया डालने से होगा, लेकिन दाल में एक मुट्ठी जितनी कठोर वस्तु मिली, जो दाल बनाते समय नहीं थी।
