गाजियाबाद: नींद की झपकी से...मॉर्निंग वॉक पर निकले 4 लोगों को कार ने मारी टक्कर, 2 महिलाओं की दर्दनाक मौत, कई घायल
punjabkesari.in Saturday, Oct 04, 2025 - 12:28 PM (IST)

नेशनल डेस्क: गाजियाबाद के जीटी रोड स्थित राकेश मार्ग कट पर आज (शनिवार), सुबह करीब छह बजे एक बेकाबू कार ने सैर कर रहे चार लोगों को टक्कर मार दी। यह हादसा इतना भयानक था कि इसमें दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मृतकों और घायलों की पहचान
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान हो गई है:
➤ सावित्री देवी (60 वर्ष), निवासी न्यू कोट गांव
➤ मीनू प्रजापति (56 वर्ष), निवासी न्यू कोट गांव
➤ हादसे में घायल हुए लोगों में विपिन शर्मा (निवासी श्याम विहार कॉलोनी) और कमलेश शर्मा (निवासी न्यू कोट गांव) शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नींद की झपकी बनी हादसे की वजह
पुलिस ने इस हादसे की शुरुआती वजह का खुलासा किया है। पुलिस का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि तेज रफ्तार कार चला रहे चालक को नींद की झपकी आ गई थी। पुलिस के मुताबिक, झपकी आने के बाद कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर मॉर्निंग वॉक कर रहे चार लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई।
कार चालक भी घायल, इलाज जारी
हादसे के समय कार चालक बुलंदशहर से अपने घर नेहरू नगर जा रहा था। हादसे में कार चालक भी घायल हुआ है। पुलिस ने उसे भी तुरंत अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है और मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है।