अब सिर्फ 4 घंटों में मिलेगा गैस सिलेंडर, इस कंपनी ने शुरू की सुविधा
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 09:51 PM (IST)
नेशनल डेस्क : अगर आपके घर का LPG सिलेंडर अचानक खत्म हो जाए, तो अब घंटों या अगले दिन तक इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। सरकारी तेल कंपनी IndianOil ने ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए Indane XTRALITE NOW नाम से नई एक्सप्रेस डिलीवरी सेवा शुरू की है। इस सेवा के तहत गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद उसे सिर्फ 4 घंटे के भीतर घर तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।फिलहाल यह सुविधा पुणे, गुरुग्राम, इंदौर और कोयंबटूर में शुरू की गई है। कंपनी का कहना है कि आने वाले महीनों में इसे देश के अन्य शहरों तक भी विस्तार दिया जाएगा।
सिर्फ 4 घंटे में होगी सिलेंडर की डिलीवरी
नई सेवा की सबसे बड़ी खासियत इसकी तेज डिलीवरी है। ग्राहक जैसे ही गैस सिलेंडर बुक करेंगे, कंपनी 4 घंटे के भीतर सिलेंडर पहुंचाने का प्रयास करेगी। इतना ही नहीं, अब ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार डिलीवरी का समय भी चुन सकेंगे, जिससे उन्हें पूरे दिन घर पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
लॉन्च हुआ नया हल्का LPG सिलेंडर
IndianOil ने इस नई सेवा के साथ 10 किलोग्राम का हल्का कॉम्पोजिट LPG सिलेंडर भी पेश किया है। यह पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की तुलना में काफी हल्का है, इसलिए इसे उठाना, रखना और एक जगह से दूसरी जगह ले जाना आसान होगा। कंपनी के मुताबिक, यह सिलेंडर खास तौर पर उन ग्राहकों के लिए उपयोगी होगा जो हल्के और सुविधाजनक सिलेंडर की तलाश में हैं।
ऑनलाइन बुकिंग से मिलेगा बेहतर अनुभव
इस सेवा में पूरी तरह डिजिटल बुकिंग सिस्टम उपलब्ध कराया गया है। ग्राहक मोबाइल ऐप या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए आसानी से गैस सिलेंडर बुक कर सकेंगे। साथ ही उन्हें बुकिंग से लेकर डिलीवरी तक की पूरी जानकारी भी मिलेगी, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी।
5 किलो वाले Indane Chhotu सिलेंडर पर भी सुविधा
IndianOil ने केवल 10 किलो के XTRALITE सिलेंडर के लिए ही नहीं, बल्कि 5 किलो वाले Indane Chhotu LPG सिलेंडर पर भी 4 घंटे की एक्सप्रेस डिलीवरी सेवा शुरू की है। यह छोटा सिलेंडर छोटे परिवारों, छात्रों, सड़क किनारे दुकान चलाने वालों, फूड स्टॉल संचालकों और छोटे कारोबारियों के बीच काफी लोकप्रिय है। अब गैस खत्म होने पर उन्हें भी लंबे इंतजार का सामना नहीं करना पड़ेगा।
ग्राहकों को क्या मिलेगा फायदा?
इस नई सेवा के जरिए LPG सिलेंडर की डिलीवरी पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज होगी। हल्के कॉम्पोजिट सिलेंडर से उपयोग करना आसान होगा, जबकि अपनी पसंद का डिलीवरी स्लॉट चुनने की सुविधा ग्राहकों का समय भी बचाएगी। कुल मिलाकर, गैस खत्म होने की स्थिति में अब परेशानी कम होगी और सिलेंडर की उपलब्धता पहले से ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगी।
