बड़ी खबर: इस मशहूर गैंगस्टर की मां की गोली मारकर हत्या, CCTV आई सामने

punjabkesari.in Friday, Jun 27, 2025 - 09:04 AM (IST)

नेशनल डेस्क। पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला कस्बे में एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई है जहाँ गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां हरजीत कौर और एक युवक करणवीर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने गैंगवार की आशंका जताई है। वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिल गई है जिसके आधार पर आगे की जाँच की जा रही है।

चलती कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग

यह दिल दहला देने वाली घटना रात करीब 9 बजे बटाला के कादिया रोड पर हुई। जानकारी के अनुसार हरजीत कौर और करणवीर सिंह एक स्कॉर्पियो कार में कहीं जा रहे थे। तभी बाइकर सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने कार को घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। करणवीर सिंह जो कार चला रहे थे और हरजीत कौर दोनों को गंभीर चोटें आईं।

हमले के बाद करणवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल हरजीत कौर को तुरंत बटाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अमृतसर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। हालांकि उपचार के दौरान आज सुबह हरजीत कौर ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

 

 

पुलिस जाँच में जुटी, गैंगवार की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही बटाला पुलिस के डीएसपी सिटी परमवीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। डीएसपी परमवीर सिंह ने बताया कि उन्हें कादियां रोड पर फायरिंग की वारदात की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुँचने पर उन्होंने एक युवक को मृत पाया जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल थी जिसे तुरंत अमृतसर रेफर कर दिया गया था। उन्होंने बाद में पुष्टि की कि अमृतसर के अस्पताल में महिला की भी मौत हो गई है।

सिविल अस्पताल के डॉक्टर सुखराज सिंह ने भी करणवीर सिंह और हरजीत कौर की मौत की पुष्टि की। डॉक्टर के अनुसार मृतक युवक की पहचान गाँव भीखोवाल निवासी करणवीर सिंह के रूप में हुई जबकि मृतक महिला की पहचान गाँव भगवानपुर निवासी हरजीत कौर के रूप में हुई है जो गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां हैं और आजकल बटाला के अर्बन एस्टेट में रहती थीं।

हालांकि डीएसपी ने सीधे तौर पर इस बात की पुष्टि नहीं की कि मृतक महिला हरजीत कौर गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां थीं। उन्होंने बताया कि मृतक नौजवान करणवीर सिंह के पिता पुलिस में एएसआई हैं और मृतक हरजीत कौर उनकी रिश्तेदार थीं।

वहीं पुलिस ने मृतक नौजवान के पिता के बयानों के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जाँच जारी है। इस दोहरे हत्याकांड के पीछे के कारणों और हमलावरों की पहचान करने में पुलिस जुटी हुई है। वारदातस्थल से मिली सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों तक पहुँचने की कोशिश की जा रही है। यह घटना पंजाब में गैंगवार की बढ़ती आशंकाओं को फिर से उजागर करती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News