Film Industry से आई बुरी खबर: 80 की उम्र में इस दिग्गज एक्टर ने दुनिया को कहा अलविदा, सोते-सोते ही थम गईं सांसें

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 09:38 AM (IST)

Bengali Actor Tamal Ray Chowdhury Death : बंगाली मनोरंजन जगत के एक चमकते सितारे और वरिष्ठ अभिनेता तमाल रॉय चौधरी (Tamal Ray Chowdhury) का 9 मार्च 2026 को निधन हो गया। 80 वर्षीय अभिनेता ने दक्षिण कोलकाता स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। परिवार के अनुसार रात को सोते समय उन्हें कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) पड़ा जो उनके निधन की वजह बना। उनके जाने से बंगाल के थिएटर, टेलीविजन और फिल्म जगत में गहरा शून्य पैदा हो गया है।

रंगमंच से शुरू हुआ था अभिनय का सफर

तमाल रॉय चौधरी केवल एक अभिनेता नहीं बल्कि अभिनय की पाठशाला थे। उन्होंने अपने करियर की नींव थिएटर से रखी थी। रंगमंच के प्रति उनका प्रेम अटूट था और यही कारण था कि उनकी फिल्मों और टीवी शोज में भी थियेटर जैसी गहराई नजर आती थी। 90 के दशक में उन्होंने टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा और जल्द ही हर घर का जाना-पहचाना चेहरा बन गए।

'चैलेंज' से 'चांदेर पहाड़' तक का यादगार सफर

उन्होंने कमर्शियल सिनेमा से लेकर कला फिल्मों तक हर जगह अपनी छाप छोड़ी। उनकी कुछ प्रमुख फिल्में इस प्रकार हैं:

  • ब्लॉकबस्टर फिल्में: 'चैलेंज', 'बिंदास', 'ले हलुआ ले' और 'अमेज़न अभियान'।

  • समीक्षकों की पसंद: 'जातिस्वर', 'गोरस्थाने सबधान' और 'चांदेर पहाड़' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को काफी सराहा गया।

सहकर्मियों की यादों में गर्मजोशी भरे इंसान

अभिनेता और राजनेता देबदत घोष ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए बताया कि तमाल दा केवल एक अच्छे कलाकार ही नहीं बल्कि एक बेहतरीन इंसान भी थे। वे अपने जूनियर कलाकारों के साथ बहुत प्यार से पेश आते थे और सेट पर लंबी बातचीत करना पसंद करते थे। पिछले कुछ समय से खराब स्वास्थ्य के कारण उन्होंने स्क्रीन से दूरी बना ली थी, लेकिन उनकी कला की गूंज हमेशा बनी रही।

एक युग का समापन

तमाल रॉय चौधरी ने दशकों तक अपनी कला से दर्शकों का मनोरंजन किया। हालांकि वह अब शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं लेकिन बंगाली सिनेमा के इतिहास में उनका नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज रहेगा। कोलकाता के सांस्कृतिक हलकों में आज हर कोई अपनी नम आंखों से उन्हें याद कर रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News