गणपति बप्पा करेंगे हर दुख दूर, देशभर में गणेश उत्सव की धूम...पंडालों में गूंजा जय-जय विघ्नहर्ता

punjabkesari.in Wednesday, Aug 31, 2022 - 09:19 AM (IST)

नेशनल डेस्क: देशभर में आज गणेश चतुर्थी की धूम है। बुधवार (31 अगस्त) से गणपति बप्पा 10 दिनों के लिए धरती पर भक्तों को आशीर्वाद देने आ रहे हैं। आज देश के कई हिस्सों में लोग अपने घरों में गणपति बप्पा को लाकर उनकी स्थापना करेंगे। मुंबई में गणेशोत्सव की काफी धूम रहती है। बड़ी-बड़ी सेलिब्रिटी भी अपने घरों में गणपति की स्थापना करते हैं और विसर्जन के दिन ढोल-बैंड बाजों के साथ भगवान गणेश को विदा किया जाता है। गणेशोत्सव पर पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है। 

 

'लालबागचा राजा' का अनावरण

दस दिवसीय गणेश चतुर्थी उत्सव शुरू होने से दो दिन पहले सोमवार को मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा गणपति महाराज के फर्स्ट लुक के दर्शन हुए। लालबागचा राजा मुंबई, महाराष्ट्र में एक प्रसिद्ध और अक्सर देखी जाने वाली गणेश मूर्ति है। पुतलाबाई चॉल में लालबाग के राजा के दर्शन करने के लिए हर साल लाखों श्रद्धालु लालबाग बाजार में आते हैं। बता दें कि लालबागचा राजा गणेशोत्सव मंडल कोरोना वायरस के कारण दो साल के अंतराल के बाद इस साल पारंपरिक त्योहार मनाने के लिए तैयार है। इस साल आयोजकों को भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगने का अनुमान है। 

 

महाराष्ट्र में covid-19 प्रतिबंध हटाए गए

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि  covid-19 प्रतिबंध हटा दिए गए हैं, साथ ही भगवान गणेश की मूर्तियों की ऊंचाई पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। शिंदे ने राज्य प्रशासन को गणेश उत्सव के लिए जाने वाले वाहनों के लिए मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा पर एक अलग लेन बनाने का भी निर्देश दिया है। सीएम ने अधिकारियों से दुर्घटनाओं को रोकने और एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी सिस्टम को मजबूत करने के लिए भी कहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News