गडकरी का बड़ा दावा: मुझे पढ़े-लिखे से ज्यादा क्रिमिनल्स वाले इलाकों से मिले वोट

punjabkesari.in Sunday, Sep 06, 2026 - 11:10 PM (IST)

नागपुर/नई दिल्ली: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में नागपुर के एक कार्यक्रम में दिए गए उनके एक बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा काफी तेज हो गई है। गडकरी ने अपने चुनावी अनुभवों को साझा करते हुए एक बेहद हैरान करने वाला खुलासा किया है।

शिक्षित इलाकों से ज्यादा अंडरवर्ल्ड क्षेत्रों में मिला समर्थन
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने खुलकर बताया कि उनके चुनाव में पढ़े-लिखे लोगों की तुलना में अंडरवर्ल्ड और रेड लाइट एरिया से उन्हें कहीं अधिक वोट मिले थे। गडकरी के अनुसार, नागपुर शहर के बड़े और शिक्षित इलाकों में उन्हें कुल मतदान प्रतिशत का लगभग 70-75% वोट मिला था। इसके विपरीत, अपराधी, अंडरवर्ल्ड और रेड लाइट क्षेत्रों में उन्हें 92% वोट हासिल हुए।

समर्थन का मतलब गतिविधियों का समर्थन नहीं: गडकरी
नितिन गडकरी ने स्पष्ट किया कि नागपुर में अंडरवर्ल्ड और सामाजिक कार्य से जुड़े लगभग 99% लोग उनके समर्थक हैं। हालांकि, उन्होंने इस बात पर विशेष जोर देते हुए साफ किया कि इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि वे उनके काम या अवैध गतिविधियों का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके सभी लोगों से संबंध हैं, लेकिन इसे गलत अर्थ में नहीं लिया जाना चाहिए। गडकरी ने बताया कि उन्होंने इन इलाकों में सड़क निर्माण और सामाजिक कार्य किए हैं, और इन्हीं विकास कार्यों के कारण उन्हें वहां के लोगों का भारी समर्थन मिला है।

पुराने डीजल वाहनों के प्रदूषण को कम करने के लिए बड़ी मंजूरी
इस कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने पर्यावरण और वाहन मालिकों से जुड़ी एक और बड़ी घोषणा का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने पुराने डीजल ट्रक और बसों से निकलने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए 'रेट्रोफिट एमिशन कंट्रोल डिवाइस' (RECD) को मंजूरी दे दी है। पुराने डीजल वाहनों में अब यह कम कीमत वाली खास उत्सर्जन नियंत्रण डिवाइस लगाई जा सकेगी, जो PM उत्सर्जन में 90% और NOx उत्सर्जन में 60% तक कमी लाने में सक्षम है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News