वर्धा ड्राई बंदरगाह का ''गडकरी'' करेंगे शिलान्यास, 1 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
punjabkesari.in Sunday, Oct 01, 2017 - 10:37 PM (IST)
नई दिल्लीः जहाजरानी एवं सड़क परिवहन, राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी सोमवार को महाराष्ट्र के वर्धा में सिंडी (रेलवे) पर वर्धा ड्राई बंदरगाह का भूमि पूजन करेंगे। यह बंदरगाह विदर्भ क्षेत्र में उद्योगों को प्रभावी संचालन तकनीक मुहैया कराने के लिए जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह ट्रस्ट द्वारा विकसित किया जा रहा है। इससे बंदरगाह क्षेत्र में कार्गो की सुविधाएं बेहतर होंगी।
500 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला बंदरगाह 350 एकड़ क्षेत्र में बनाया जाएगा। चरणबद्ध तरीके से बनाए जाने वाले इस बंदरगाह के पहले चरण में 103 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान है। इसमें 79 करोड़ रुपए का निजी निवेश भी शामिल है। इसके जरिए अगले पांच से सात वर्षों में लगभग 7,000 से 9,000 टीईयू ट्रैफिक का संचालन होगा। इस परियोजना से लगभग एक हजार लोगों को सीधे रोजगार मिलने की आशा है।
यह क्षेत्र नागपुर और वर्धा के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है। वर्धा ड्राई बंदरगाह से क्षेत्र के चावल निर्यातकों, कपड़ा एवं वस्त्र उद्योग, स्टील एवं खनिज व्यापारियों, प्लास्टिक एवं पेपर पल्प, इलेक्ट्रिक मशीन, ऑटो पार्ट निर्माताओं को फायदा होगा। इससे नागपुर, मुंबई सुपर संचार एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी सुधार होगा।
यह बंदरगाह नागपुर वर्धा लाइन से नागपुर मुंबई सुपर एक्सप्रेस-वे के जरिए सेंट्रल रेलवे नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। छह लेन का राष्ट्रीय राजमार्ग केंद्रीय, दक्षिणी और उत्तर भारत के प्रमुख शहरों से भी जोड़ा जाएगा।
