G20 समिटः पीएम मोदी आज 8 देशों के राष्ट्राध्यक्षों से करेंगे वार्ता...भूपेंद्र पटेल दाखिल करेंगे नामांकन, मार्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Wednesday, Nov 16, 2022 - 05:26 AM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाली में चल रहे जी-20 देशों के शिखर सम्मेलन के दौरान बुधवार को आठ देशों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अलावा वह जी-20 के एक सत्र में भी हिस्सा लेंगे। जी-20 के राष्ट्राध्यक्षों के साथ मोदी सुबह तमान हटन में मैंग्रोव फॉरेस्ट की यात्रा करेंगे। जलवायु खतरों से निपटने के लिए मैंग्रोव फॉरेस्ट को भी बढ़ावा देने के लिए हाल में सहमति बनी है। उसी दिशा में यह दौरा है। इसके बाद इंडोनेशिया के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी।

उधर, गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए 17 नवंबर आखिरी तारीख है। वहीं सीएम भूपेंद्र पटेल 16 नवंबर को नामांकन पत्र भरेंगे। इससे पहले भूपेंद्र पटेल घाटलोडिया विधानसभा में रैली करेंगे। आपको बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ फॉर्म भरने के लिए उपस्थित हो सकते हैं। 

इंडिगो कारगो की दिल्ली -मुंबई मालवाहक उड़ान शुरू 
इंडिगो ने मंगलवार से दिल्ली और मुंबई के बीच मालवाहक उड़ान का परिचालन शुरू करने की घोषणा की। कंपनी ने इसके लिए एक ए 321 यात्री जेट विमान को अंदर से मालवाहन की आवश्यकताओं के हिसाब से बदला है। कंपनी की एक विज्ञप्ति के अनुसार पहली उड़ान ने नई दिल्ली से मंगलवार रात आठ बजे प्रस्थान किया और यह दो घंटा पांच मिनट में मुंबई पहुंचेगी। वापसी में यह विमान बुधवार को तड़के चार बज कर दस मिनट पर दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगा।

कल होगी मिजोरम-असम मंत्रिस्तरीय सीमा वार्ता  
मिजोरम के गृह मंत्री लालचामलियाना के नेतृत्व में राज्य का एक प्रतिनिधित्वमंडल अंतरराज्यीय सीमा विवाद को हल करने के लिए असम के साथ तीसरी मंत्रिस्तरीय वार्ता के लिए बुधवार को गुवाहाटी रवाना होगा। मिजोरम के गृह विभाग के संयुक्त सचिव लालथियामसांगो सैलो ने मीडिया से कहा कि तीसरे चरण की मंत्रिस्तरीय वार्ता बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे होगी। 

राजकीय सम्मान के साथ होगा तेलुगू अभिनेता कृष्णा का अंतिम संस्कार, तेलंगाना CM ने दिए निर्देश
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने मुख्य सचिव सोमेश कुमार को जाने-माने तेलुगू अभिनेता घट्टामनेनी कृष्णा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ करने का निर्देश दिया। अभिनेता कृष्णा का निधन गाचीबोवली के कॉन्टिनेंटल अस्पताल में उपचार के दौरान उनके शरीर के कई अंगों के न करने से हुई थी। वह 79 साल के थे। 

PM मोदी ने इंडोनेशिया में भारतीय समुदाय से मुलाकात के दौरान बजाया ड्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को इंडोनेशिया में जी20 शिखर सम्मेलन से इतर भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की और इस दौरान ड्रम बजाया। भारतीय समुदाय के साथ संवाद के लिए आयोजित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का भारतीय पोशाक और पगड़ी पहने लोगों की भीड़ ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया और ‘भारत माता की जय' के नारे लगाए। मोदी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद ड्रम की धुन के साथ उनका स्वागत किया गया। 

महाराष्ट्र में होगा एसटी आयोग, छात्रों को पढ़ाई जाएगी आदिवासी नेताओं की जीवनीः सीएम शिंदे 
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मंगलवार को नासिक में 'जनजातीय गौरव दिवस' का आयोजन किया गया। इस मौके पर आदिवासियों तक पहुंचने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने एक अनुसूचित जनजाति (एसटी) आयोग की स्थापना करने और इतिहास की पाठ्यपुस्तकों के माध्यम से छात्रों को आदिवासी नेताओं की जीवनी को पढ़ाने की घोषणा की। 

मिजोरम में पत्थर की खदान से अब तक 11 श्रमिकों के शव बरामद
मिजोरम के हनथियाल जिले में एक पत्थर की खदान ढहने के कारण आठ श्रमिकों की मौत हो गई। यह घटना हनथियाल जिले के मौदढ़ इलाके में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे हुई। हनथियाल जिले के उपायुक्त ने बताया कि हनथियाल जिले में एक पत्थर की खदान ढहने से 15-20 मजदूरों फंसे थे जिनमें से 11 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पांच एक्सकेवेटर, एक स्टोन क्रशर और एक ड्रिलिंग मशीन मलबे में दबे हुए हैं। बचाव अभियान अभी भी जारी हैं। 

होसुर के पास बन रहा है आईफोन का सबसे बड़ा कारखाना, 60,000 को मिलेगा रोजगार
केंद्रीय दूरसंचार एंव सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को कहा कि भारत में आईफोन बनाने के लिए एप्पल का सबसे बड़ा कारखाना बेंगलुरु में होसुर के पास स्थापित किया जा रहा है। इस कारखाने में करीब 60,000 लोग काम करेंगे। 

अनिल देशमुख को फिर झटका, सीबीआई कोर्ट ने न्यायिक हिरासत बढ़ाई
100 करोड़ वसूली मामले में फंसे महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री अनिल देशमुख को राहत मिलती नहीं दिख रही है। मुंबई की सीबीआई कोर्ट ने भ्रष्टाचार के मामले में उनकी न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए बढ़ा दी है। मामला 100 करोड़ रुपए का जबरन वसूली घोटाले से जुड़ा हुआ है। 

नेपाल चुनाव: 17 से 20 नवंबर तक बंद रहेगी दार्जिलिंग में भारत-नेपाल सीमा 
नेपाल में आगामी आम चुनाव के मद्देनजर पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में भारत-नेपाल सीमा 17 से 20 नवंबर के बीच बंद रहेगी। वर्तमान में, दार्जिलिंग जिले में नेपाल के साथ दो सीमा बिंदु हैं - दार्जिलिंग में पानीटंकी और मिरिक में पशुपति। दूसरा सीमा नेपाल में पशुपतिनाथ आने वाले पर्यटकों द्वारा विशेष रूप से इस्तेमाल होता है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News