गुजरात के सुरेंद्रनगर में बस में आग लगने से चार लोगों की मौत, 10 झुलसे

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 09:38 AM (IST)

 नेशनल डेस्क: गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में बुधवार देर रात एक टैंकर से टकराने के बाद बस में आग लगने से चार यात्री जिंदा जल गए और 10 अन्य झुलस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) एस.एस. भदौरिया ने बताया कि यह दुर्घटना देर रात करीब 1:30 बजे चोटिला-राजकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सांगानी गांव के पास हुई। उन्होंने बताया कि निजी लग्जरी बस अहमदाबाद से राजकोट की ओर जा रही थी, तभी वह अपने आगे जा रहे डामर (कोलतार) से लदे एक टैंकर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई।

भदौरिया के अनुसार, बस में कम से कम 40 यात्री सवार थे, जिनमें से कई लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। उपजिलाधिकारी एच.टी. मकवाना ने कहा, "निजी बस और डामर से भरे टैंकर के बीच हुई इस टक्कर में चार यात्री जिंदा जल गए।" पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में 10 लोग झुलस गए हैं। मकवाना ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए राजकोट के सिविल अस्पताल भेजा गया है, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए चोटिला के एक अस्पताल ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News