मेघालय में पुलिस मुठभेड़ में 4 हथियारबंद बदमाश ढेर, नाका चेकिंग के दौरान हुई गोलीबारी
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 12:10 AM (IST)
शिलांगः मेघालय के ईस्ट गारो हिल्स जिले के सोंगसाक क्षेत्र में रविवार तड़के नाका चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में चार सशस्त्र बदमाश मारे गए। ईस्ट गारो हिल्स के जिला पुलिस प्रमुख स्वप्निल पवार वसंतराव के अनुसार, यह घटना तड़के करीब 4 बजे दगल-सोंगसाक मार्ग पर सोंगसाक रिजर्व के पास हुई। सुरक्षा चेकिंग के लिए रोके जाने पर एक बोलेरो वाहन में सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चारों संदिग्ध घायल हो गए और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दौरान पुलिस वाहन को भी गोलियों से नुकसान पहुंचा है। मृतकों की पहचान उत्तरी गारो हिल्स निवासी अलासन मराक तथा असम के गोलपारा जिले के निवासी सुस्तोम राभा, कलाम अली और बोबिदुल इस्लाम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मराक हाल ही में डामरा में हुई गोलीबारी की घटना का मुख्य आरोपी था, जिसमें एक व्यवसायी की जान चली गई थी। वहीं सुस्तोम राभा और कलाम अली पर असम और मेघालय के विभिन्न थानों में डकैती, अपहरण, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज थे। पुलिस ने घटनास्थल और बदमाशों के पास से दो फैक्ट्री-मेड पिस्टल, गोलियां और खाली कारतूस जब्त किए हैं। इनमें से एक पिस्टल पर‘बेरेटा'लिखा हुआ है। पुलिस ने मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है और जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
