चुनाव से ठीक पहले विधायक की गिरफ्तारी, 4 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा

punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 12:30 PM (IST)

श्रीगंगानगरः राजस्थान में हनुमानगढ़ नगर परिषद सभापति चुनाव के ठीक पहले निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल को वर्ष 2003 के कथित फर्जी पट्टा मामले में गिरफ्तार करके सोमवार को सुबह संगरिया में एक न्यायिक मजिस्ट्रेट के आवास पर पेश किया गया। न्यायिक अधिकारी सोनाक्षी पांडे ने श्री बंसल को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

पेशी के बाद खुफिया पुलिस की अपराध शाखा का दल कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें हनुमानगढ़ की ओर ले गया। सुबह करीब पांच बजे एमजेएम सोनाक्षी पांडे के आवास पर पेशी हुई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध शाखा) बीकानेर सतपालसिंह के नेतृत्व में तीन वाहनों के काफिले में श्री बंसल को संगरिया लाया गया। संगरिया पहुंचते ही पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया। थाने के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया और आवागमन पर निगरानी बढ़ा दी गई।

उल्लेखनीय है कि नगर परिषद चुनाव के नतीजे आने के बाद सूचना का अधिकार (आरटीआई) कार्यकर्ता संदीप सोनी की शिकायत पर शुक्रवार रात हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में विधायक गणेशराज बंसल के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए। इनमें श्री बंसल के साथ उनकी पत्नी संतोष बंसल (तत्कालीन सभापति), तत्कालीन अधिशाषी अधिकारी भंवरलाल सोनी और अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। यह मामला वर्ष 2003 में हनुमानगढ़ नगर परिषद द्वारा सेक्टर 9-एल में सरकारी जमीन पर कथित रूप से जारी किए गए आवासीय पट्टों से जुड़ा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News