चौंकाने वाली घटना : ISRO के पूर्व कर्मचारी ने की पत्नी की हत्या, तौलिए से गला दबाकर ली जान
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 09:12 PM (IST)
नेशनल डेस्कः भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी ने बुधवार को अपने आवास पर कथित तौर पर पत्नी की तौलिये से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना पूर्वाह्न करीब 11 बजे अवलाहल्ली थाना क्षेत्र में हुई।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी नागेश्वर राव (65) को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस उपायुक्त (व्हाइटफील्ड) सैदुलु अदावत ने कहा, ''वह (राव) कथित तौर पर अवसाद का इलाज करा रहा था और परेशान था। आरोपी का आत्महत्या करने का इरादा था इसलिए उसने अपनी पत्नी पर हमला किया। इसके पीछे कोई अन्य बड़ा कारण नजर नहीं आता।''
पुलिस ने बताया कि राव पत्नी संध्या की हत्या करने के बाद मौके पर ही मौजूद रहा। इसके बाद उसने एक परिचित से संपर्क किया जिसने पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम राव के आवास पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि दंपति की बेटी अमेरिका में है औैर उसे घटना की जानकारी दे दी गई है तथा इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
