राष्ट्रवाद फैलाने में प्रधानमंत्री कर रहे तानाशाहों का अनुसरण :अशोक गहलोत

punjabkesari.in Sunday, Apr 28, 2019 - 08:32 PM (IST)

जोधपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव लोकतंत्र को बचाने के लिए है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रवाद फैलाने में तानाशाहों का अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को भाजपा की राष्ट्रवाद की बात से ललचाया और मूर्ख नहीं बनाया जा सकता और वे देश के भले के लिए केंद्र में सरकार बदल देंगे। कांग्रेस ने पिछले साल राजस्थान में विधानसभा चुनावों में भाजपा को सत्ता से बेदखल कर दिया था।

राज्य में 25 लोकसभा सीट हैं जिनमें से 13 पर सोमवार को मतदान होने जा रहा है। शेष 12 सीटों पर छह मई को मतदान होगा। गहलोत ने कहा, मोदी सरकार के तहत लोकतंत्र खतरे में है। इस चुनाव में लोकतंत्र को बचाना हमारी सबसे बड़ी चुनौती है। लोकतंत्र को बचाने के लिए, लोगों को भाजपा के प्रलोभनों को समझना चाहिए और उसके झूठे वायदों से गुमराह नहीं होना चाहिए। प्रधानमंत्री को निशाने पर लेते हुए गहलोत ने आरोप लगाया कि मोदी राष्ट्रवाद के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा, विश्व में प्रत्येक तानाशाह ने अपने लाभ के लिए राष्ट्रवाद का इस्तेमाल किया। मोदी एकमात्र मुद्दे के रूप में राष्ट्रवाद को उभारकर उन्हीं (तानाशाहों) का अनुसरण कर रहे हैं। लोगों को इस चाल से सचेत रहना चाहिए।

गहलोत ने कहा कि 2014 के आम चुनाव में भाजपा को केवल 31 प्रतिशत वोट मिले थे। उन्होंने कहा, क्या इसका मतलब यह है कि जिन 69 प्रतिशत लोगों ने मोदी को वोट नहीं दिया, क्या वे देशभक्त नहीं हैं? मोदी उनकी देशभक्ति पर सवाल उठा रहे हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के उम्मीदवार केवल मोदी के नाम पर लड़ रहे हैं और वे विकास या किसी अन्य मुद्दे की बात नहीं कर रहे। भाजपा ने 2014 में राजस्थान की सभी 25 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। मुख्यमंत्री के पुत्र वैभव गहलोत जोधपुर से केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। मुख्यमंत्री ने मोदी पर सशस्त्र बलों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया और कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1971 का बांग्लादेश युद्ध जीता था, लेकिन विजय को लेकर कभी अपनी शेखी नहीं बघारी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News